Gaza Environmental Crisis : गाजा में पिछले तीन वर्षों से जारी इजरायली सैन्य अभियान ने केवल इमारतों और बुनियादी ढांचे को ही नहीं, बल्कि वहां के पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया है। एक नई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा का 99 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र संभावित प्रदूषण स्रोतों की चपेट में है। बमबारी, विस्फोटक हथियारों, मलबे और सीवेज के कारण यहां की मिट्टी, पानी और हवा दूषित हो रही है। इसका असर लगभग 23 लाख फिलिस्तीनियों के जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ सकता है।
ऑक्सफैम की रिपोर्ट में गाजा के पर्यावरण विनाश का खुलासा
ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय चैरिटी संस्था ऑक्सफैम और कॉन्फ्लिक्ट एंड एनवायरनमेंट ऑब्जर्वेटरी (CEOBS) की संयुक्त रिपोर्ट में ये गंभीर तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट तैयार करने के लिए सैटेलाइट तस्वीरों, रिमोट सेंसिंग तकनीक, वैज्ञानिक विश्लेषण और सार्वजनिक आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। ऑक्सफैम के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी निदेशक अमिताभ बेहर ने आरोप लगाया कि गाजा में सैन्य कार्रवाई के साथ पर्यावरण को भी निशाना बनाया गया है। उनके मुताबिक, पर्यावरणीय विनाश वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के स्वास्थ्य और अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

गाजा में 6.10 करोड़ टन मलबे का ढेर
ऑक्सफैम के आंकड़ों के अनुसार, 11 अक्टूबर 2025 तक गाजा के कुल 365 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में से लगभग 283 वर्ग किलोमीटर इलाका इजरायली जमीनी सैन्य अभियान से प्रभावित हुआ था। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए हमलों के बाद यहां करीब 6.10 करोड़ टन मलबा जमा हो गया है। प्रत्येक निवासी के हिस्से में औसतन 29 टन मलबा आता है। इसे हटाने के लिए लगभग 21 लाख ट्रकों की जरूरत होगी। रिपोर्ट में गाजा सिटी, खान यूनिस, राफाह और जबालिया को प्रदूषण के लिहाज से अत्यधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है।

पानी की सप्लाई में 84 प्रतिशत तक गिरावट
युद्ध ने गाजा की जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से पहले यहां प्रतिदिन 3,34,107 घनमीटर पानी उपलब्ध होता था। जून 2024 में यह घटकर केवल 54,747 घनमीटर रह गया। यानी पानी की आपूर्ति में लगभग 84 प्रतिशत की कमी आई। गाजा के सभी छह सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट अप्रैल 2024 तक नष्ट हो चुके थे। इसके कारण रोजाना करीब 40 हजार घनमीटर बिना उपचार वाला गंदा पानी भूमध्यसागर में जा रहा है।
कृषि भूमि और खाद्य सुरक्षा पर गहरा संकट
गाजा में युद्ध से पहले स्थानीय कृषि भूमि ताजी सब्जियों की लगभग 95 प्रतिशत जरूरत पूरी करती थी। लेकिन 2025 के अंत तक 87 प्रतिशत से अधिक कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। केवल तीन प्रतिशत जमीन ही उपयोग योग्य और सुरक्षित बची थी। रिपोर्ट के अनुसार, 10 लाख से अधिक जैतून के पेड़ उखाड़ दिए गए और 7,200 से ज्यादा ग्रीनहाउस क्षतिग्रस्त हुए। पशुधन का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा भी खत्म हो गया। इसका सीधा असर खाद्य सुरक्षा पर पड़ा है।

प्रदूषण से बढ़ रही बीमारियां, बच्चों पर सबसे ज्यादा खतरा
दूषित पानी, धूल और जहरीले मलबे के संपर्क से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी और फरवरी 2026 में गाजा में 19 लाख से अधिक श्वसन संक्रमण के मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा पानी से फैलने वाले गंभीर दस्त के लगभग 81 हजार मामले सामने आए। इनमें 36 हजार से अधिक मरीज पांच साल से कम उम्र के बच्चे थे। इससे बच्चों और कमजोर आबादी के सामने गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा हो गया है।
गाजा के पुनर्निर्माण के लिए 71.40 अरब डॉलर की जरूरत
विश्व बैंक, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र के संयुक्त आकलन के मुताबिक, अक्टूबर 2025 तक गाजा में प्रत्यक्ष बुनियादी ढांचा नुकसान 35.20 अरब डॉलर और आर्थिक नुकसान 22.70 अरब डॉलर था। पुनर्निर्माण के लिए अगले दस वर्षों में लगभग 71.40 अरब डॉलर की जरूरत बताई गई है। ऑक्सफैम ने स्वतंत्र जांच, दूषित क्षेत्रों की पहचान, पानी और मिट्टी की जांच, जहरीले मलबे को हटाने तथा पर्यावरण सुरक्षा के साथ पुनर्निर्माण की मांग की है।

