Nikki Murder Case : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित निक्की हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। निक्की की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके जेठ रोहित भाटी और ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पति विपिन भाटी और सास दयावती की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस तरह अब चारों नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने आरोपी रोहित को सोमवार सुबह सिरसा टोल प्लाजा के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

हत्या के पीछे दहेज की लालच
निक्की की बहन कंचन की शादी भी इसी परिवार में हुई थी। परिजनों का आरोप है कि साल 2016 में शादी के समय स्कॉर्पियो कार और बुलेट दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार मर्सिडीज कार और 36 लाख रुपये कैश की मांग कर रहा था। जब परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका, तो निक्की को प्रताड़ित किया जाने लगा।

वायरल वीडियो ने खोली क्रूरता की परतें
इस हृदयविदारक घटना से जुड़ी दो वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें पति विपिन और सास दयावती निक्की को बाल पकड़कर बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में निक्की आग में लिपटी हुई सीढ़ियों पर भागती दिखाई देती है। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह बच नहीं सकी।
बेटा बना गवाह, दिया दिल दहला देने वाला बयान
निक्की के नाबालिग बेटे ने पुलिस के सामने विस्तृत बयान दिया है। उसने बताया कि उसके पिता विपिन ने पहले निक्की पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डाला, फिर थप्पड़ मारा और बाद में लाइटर से आग लगा दी। यह बयान मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आया है।
पुलिस ने चारों आरोपी दबोचे, ससुर की गिरफ्तारी से केस पूरा
विपिन भाटी (पति): पहले ही एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया गया।दयावती (सास): रविवार शाम को अरेस्ट, न्यायिक हिरासत में भेजा गया।रोहित भाटी (जेठ): 25 अगस्त को सिरसा टोल से गिरफ्तार।ससुर: आज गिरफ्त में आया, पुलिस की कार्रवाई पूरी।
लोगों में आक्रोश, न्याय की मांग
इस हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। दहेज के लिए इस तरह की निर्मम हत्या ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड ने एक बार फिर साबित किया है कि दहेज की लालच इंसान को हैवान बना सकती है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी से अब उम्मीद की जा रही है कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलेगा और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।










