Dehradun cloudburst: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पर्यटन स्थल सहस्रधारा में सोमवार देर रात बादल फटने जैसी घटना से भारी तबाही मच गई। रात करीब 11:30 बजे तेज बारिश के चलते आए मलबे ने मुख्य बाजार में कहर बरपा दिया। घटना में 2 से 3 बड़े होटल और 7 से 8 दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस आपदा के समय बाजार क्षेत्र में करीब 100 लोग फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। हालांकि, 1-2 लोगों के लापता होने की सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी है। SDRF और फायर टीम मौके पर रवाना, रास्ता मलबे से बाधित घटना की जानकारी मिलते ही रात 2:00 बजे आपदा कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड को मौके पर रवाना किया गया, लेकिन भारी मलबे के चलते टीम रास्ते में ही फंस गई। लोक निर्माण विभाग (PWD) की जेसीबी मशीनें रास्ता खोलने का प्रयास कर रही हैं। आईटी पार्क और सॉन्ग नदी में बढ़ा जलस्तर लगातार बारिश के कारण आईटी पार्क क्षेत्र में भी भारी मलबा जमा हो गया है। साथ ही सॉन्ग नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। पुलिस ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। मसूरी में मजदूर की मौत, एक घायल मसूरी के झड़ी पानी क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण एक मजदूर के कच्चे मकान पर मलबा गिर गया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाल संतोष कुमार ने बताया कि अन्य लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। नैनीताल में स्कूल बंद मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। एहतियातन नैनीताल जिले में सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने यह आदेश जारी करते हुए बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं, लेकिन खराब मौसम ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों से अपील है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। Read More : India US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर फिर होगी बातचीत, ट्रंप के खास अधिकारी ब्रेंडन लिंच पहुंचेंगे नई दिल्ली














