Atlantic storm Erin :अटलांटिक महासागर में बना तूफ़ान ‘एरिन’ अब श्रेणी 4 के शक्तिशाली चक्रवात में तब्दील हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रीय तूफ़ान केंद्र (NHC) ने जानकारी दी है कि यह तूफ़ान बेहद तेज़ी से विकसित हुआ है और इसका रुख अब अमेरिका के पूर्वी तट की ओर है।

शनिवार को एनएचसी ने कहा कि तूफ़ान एरिन वर्तमान में एंगुइला से लगभग 120 मील उत्तर-पूर्व में स्थित है और इसकी रफ्तार 233 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह तूफ़ान अटलांटिक के इतिहास में सबसे तेज़ी से प्रचंड बनने वाले तूफ़ानों में से एक बन गया है।

तेज़ी से बढ़ी ताकत, अब बना सुपर साइक्लोन
बीबीसी और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, एरिन शुक्रवार सुबह मात्र 75 किमी/घंटा की गति से श्रेणी 1 का तूफ़ान बना था। लेकिन अगले 24 घंटों में यह 160 किमी/घंटा की रफ्तार पार कर गया और अब श्रेणी 4 में प्रवेश कर चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह 1 सितंबर से पहले बनने वाला सबसे शक्तिशाली तूफ़ान है।
इन इलाकों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा
उष्णकटिबंधीय तूफ़ान की चेतावनी: सेंट मार्टिन, सेंट बार्थेलेमी, सिंट मार्टेन, तुर्क एंड कैकोस द्वीप समूह
अचानक बाढ़ की चेतावनी: सेंट थॉमस और सेंट जॉन द्वीप
संभावित बारिश: 15 सेंटीमीटर तक बारिश की आशंका है, जिससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। एनएचसी के मुताबिक, तूफ़ान का प्रभाव रविवार (17 अगस्त) को उत्तरी लीवार्ड द्वीप, वर्जिन द्वीप समूह, प्यूर्टो रिको, हिस्पानियोला, और तुर्क एंड कैकोस में दिखेगा। अगले सप्ताह की शुरुआत में तूफ़ान के बहामास, बरमूडा और अमेरिका के पूर्वी तट से टकराने की आशंका जताई जा रही है।
जनता को सतर्क रहने की अपील
एनएचसी और स्थानीय प्रशासन ने सभी संभावित प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने, आपातकालीन किट तैयार रखने और तटीय इलाकों को खाली करने के लिए तैयार रहने की अपील की है। तूफ़ान एरिन की तीव्रता और गति को देखते हुए यह आने वाले दिनों में अमेरिका के पूर्वी तट और कैरेबियन द्वीपों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने इसे “रिकॉर्ड समय में विकसित हुआ सुपर साइक्लोन” कहा है। इससे होने वाले संभावित नुकसान को देखते हुए सरकार और आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट मोड में आ चुकी हैं।











