Mallikarjun Kharge : बिहार के सासाराम से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत करते हुए भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। INDIA गठबंधन की इस रैली में उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है, तब तक आम लोगों के वोट, अधिकार और आज़ादी सुरक्षित नहीं हैं।

RSS पर गंभीर आरोप, गांधी हत्या का किया ज़िक्र
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि आरएसएस पिछले 100 वर्षों से देश की सेवा कर रहा है। खरगे ने पलटवार करते हुए कहा, “आरएसएस आज़ादी की लड़ाई के खिलाफ था। उनके विचारधारा वाले लोगों ने ही महात्मा गांधी की हत्या की। संघ के लोग अंग्रेजों को चिट्ठी लिखकर माफी और नौकरी मांगते थे।”

‘संविधान और लोकतंत्र खतरे में’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को कमजोर कर रही है और लोकतंत्र पर सीधा हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि “वोट का अधिकार हमें संविधान ने दिया है, और इसमें नेहरू जी व डॉ. अंबेडकर का अमूल्य योगदान है। मगर आज उसी अधिकार को छीना जा रहा है।”
बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप
खरगे ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में 65 लाख से अधिक वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि “भाजपा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करती रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को दरकिनार कर चुनाव आयुक्त की चयन समिति से चीफ जस्टिस को हटाया गया, जो साफ तौर पर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।”
‘वोटर अधिकार यात्रा’ का उद्देश्य और रूट
सासाराम से शुरू हुई कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ अगले 16 दिनों में 1,300 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 20 जिलों से होते हुए 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में समाप्त होगी। इस यात्रा का उद्देश्य मतदाता अधिकारों के संरक्षण और संविधान बचाने की मुहिम को जन-जन तक पहुंचाना है।
मल्लिकार्जुन खरगे की यह रैली सिर्फ एक राजनीतिक भाषण नहीं, बल्कि भाजपा और आरएसएस के खिलाफ एक सशक्त विपक्षी संदेश है। बिहार, जो लोकतंत्र की धरती के रूप में जाना जाता है, अब एक बार फिर से राजनीतिक चेतना और अधिकारों की लड़ाई का केंद्र बन रहा है।
Read More : Karnataka political crisis : कर्नाटक में सीएम बदलने की अटकलें तेज, विधायक बसवराजू को कांग्रेस ने भेजा नोटिस










