Ambikapur News : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर अंबिकापुर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी का दर्शन करने सरगुजा संभाग के पुलिस महानिरीक्षक (IG) दीपक कुमार झा अपनी धर्मपत्नी दीपा झा सहित पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी के साथ द्वीप प्रज्वलन एवं आरती कर मां दुर्गा की आराधना की।



सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में आईजी दीपक कुमार झा ने झांकी से प्रभावित होकर कहा कि “यहां का आयोजन ज्ञानयुक्त और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है। निश्चित रूप से सभी को यहां आकर दर्शन करने चाहिए।” उन्होंने अपनी धर्मपत्नी को भी साथ लाने की बात बताते हुए ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा निर्मित आध्यात्मिक म्यूजियम का अवलोकन किया।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने कहा कि नवरात्रि का आठवां दिन हमें यह संदेश देता है कि सत्य ज्ञान के आलोक से हम अपने जीवन में अष्ट शक्तियों को धारण कर आसुरी संस्कारों – काम, क्रोध, लोभ, मोह एवं अहंकार – पर विजय पा सकते हैं। संस्था द्वारा दी जाने वाली राजयोग शिक्षा से व्यक्ति एकाग्रता एवं आत्मशक्ति प्राप्त कर सकता है।
चैतन्य देवियों की झांकी के समक्ष माताओं एवं बहनों ने आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। काफी संख्या में लोगों ने झांकी का दर्शन किया। यह भव्य झांकी 2 अक्टूबर को संध्या 6:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक दर्शनार्थ खुली रहेगी।











