Karnataka Love Murder: कर्नाटक के मैसूर जिले से एक हैरान करने वाली वीभत्स हत्या का मामला सामने आया है। हंसुर तालुक के गेरसानहल्ली गांव में एक 20 वर्षीय युवती रक्षिता की उसके प्रेमी सिद्धाराजू ने बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात राज्य भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

लॉज के कमरे में मिली युवती की क्षत-विक्षत लाश
घटना उस समय सामने आई जब स्थानीय पुलिस को एक लॉज के कमरे में युवती की लाश मिलने की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो देखा कि युवती बिस्तर पर मृत पड़ी थी और उसका चेहरा पूरी तरह से विस्फोट में उड़ा हुआ था। कमरे का फर्श खून से सना हुआ था, जिससे यह साफ हो गया कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका रक्षिता की शादी केरल के एक दिहाड़ी मजदूर से हुई थी। बावजूद इसके, उसका अपने ही रिश्तेदार सिद्धाराजू से अवैध संबंध चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, दोनों लॉज में साथ ठहरे थे, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
मुंह में बारूद डालकर किया विस्फोट
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झगड़े के दौरान आरोपी सिद्धाराजू ने रक्षिता के मुंह में बारूद भर दिया और फिर खदानों में इस्तेमाल होने वाली जिलेटिन की छड़ और ट्रिगर से विस्फोट कर दिया। यह तरीका इतना वीभत्स था कि चेहरे का निचला हिस्सा पूरी तरह उड़ गया।
हत्या के बाद गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद सिद्धाराजू ने लोगों को गुमराह करने के लिए दावा किया कि रक्षिता की मौत मोबाइल फोन फटने से हुई है। हालांकि, स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सालिग्राम थाने में केस दर्ज कर लिया और सिद्धाराजू को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल विस्फोटक पदार्थों की सप्लाई और स्रोत की भी जांच कर रही है।
रक्षिता की हत्या ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि अवैध संबंध और भावनात्मक असंतुलन किस हद तक क्रूरता में बदल सकते हैं। इस हत्याकांड ने पूरे कर्नाटक को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है ताकि आरोपी को कानूनी सजा दिलाई जा सके।











