IND vs PAK Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। यह मुकाबला टूर्नामेंट का छठा मैच होगा, जो दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। क्रिकेट की सबसे बड़ी राइवलरी मानी जाने वाली यह भिड़ंत इस बार मैदान के बाहर भी चर्चा का विषय बन चुकी है।

IPL टीम ने किया विरोध, PSL टीम ने दिया जवाब
इस विवाद की शुरुआत हुई जब IPL फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में लिखा था “डिफेंडिंग चैंपियन के लिए दूसरा गेम, लेट्स गो” जहां भारतीय टीम का लोगो तो था लेकिन विपक्षी टीम के नाम या खिलाड़ी का कोई जिक्र नहीं था। हैशटैग में भी सिर्फ ‘INDv’ लिखा गया था, जो संकेत देता है कि पंजाब किंग्स ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच का प्रतीकात्मक बहिष्कार (symbolic boycott) किया।

इसका जवाब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की फ्रेंचाइजी कराची किंग्स ने भी दिया। उन्होंने अपने कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें सामने वाली सीट खाली थी। कैप्शन में लिखा गया:”मैन इन ग्रीन का दूसरा मैच, लेट्स गो”। इस पोस्ट के जरिए कराची किंग्स ने भी बिना भारत का नाम लिए पलटवार किया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ा तनाव
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान गई। जांच में सामने आया कि इस हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से तनावपूर्ण रिश्ते और भी खराब हो गए।
हमले के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में भारतीय फैंस ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच न खेलने की मांग की। सरकार ने भी स्पष्ट कर दिया कि भारत पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा, लेकिन एशिया कप जैसे मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेना आवश्यक है।
क्रिकेट से बड़ा बनता जा रहा मुद्दा
भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा से फैंस के बीच रोमांच और भावनाओं का विषय रहा है, लेकिन इस बार मामला राजनीतिक और नैतिक स्तर पर उठ खड़ा हुआ है। IPL और PSL टीमों का सोशल मीडिया पोस्ट अब सिर्फ क्रिकेट प्रमोशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ये अब कूटनीतिक संदेश बनते जा रहे हैं।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर मैदान से ज्यादा ऑफ-फील्ड बयानबाजी और बॉयकॉट मूवमेंट चर्चा में हैं। जहां एक ओर क्रिकेट फैंस को इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है, वहीं दूसरी ओर, देशहित और राष्ट्रीय सुरक्षा की भावना ने खेल को भी अपनी चपेट में ले लिया है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि एशिया कप 2025 में 15 सितंबर को होने वाला यह मुकाबला सिर्फ एक खेल रहता है या फिर यह राजनीति और सामाजिक भावनाओं के ज्वार में बह जाता है।
Read More: बस कंडक्टर पर बैड टच और अफवाह फैलाने का आरोप, वाड्रफनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार










