INDIA Alliance Meeting : परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल के खिलाफ अपनी रणनीति तैयार करने के लिए शनिवार को INDIA गठबंधन के प्रमुख नेताओं की अहम बैठक हो रही है। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित की गई है। बैठक में विपक्षी दलों के नेता एकजुट होकर सरकार की रणनीति का मुकाबला करने पर विचार कर रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, माकपा नेता ए. रहीम, आरएसपी सांसद एनके प्रेमचंद्रन, वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा और मनोज झा शामिल हुए हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन तथा आईयूएमएल के मोहम्मद बशीर समेत कई अन्य विपक्षी नेता भी खरगे के आवास पहुंचे हैं।

परिसीमन विधेयक पर सरकार की स्थिति हुई मजबूत
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, इस बार राजनीतिक परिस्थितियां पहले से कुछ अलग दिखाई दे रही हैं। INDIA गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों ने इस विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। ऐसे में विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती सभी सहयोगियों को एक मंच पर बनाए रखने की है।

संसद में मौजूदा संख्या बल और बदलते राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए सरकार की स्थिति पहले की तुलना में मजबूत मानी जा रही है। यही वजह है कि विपक्षी गठबंधन इस बार विधेयक को लेकर कोई भी कदम उठाने से पहले आपसी सहमति बनाने की कोशिश कर रहा है। बैठक के बाद INDIA गठबंधन अपने विरोध की रणनीति और आधिकारिक रुख का खुलासा कर सकता है।
नासिर हुसैन बोले- बैठक में तय होगी आगे की रणनीति
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने INDIA गठबंधन की बैठक को लेकर कहा कि सभी नेता मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कुछ विपक्षी नेताओं को डराने और अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।नासिर हुसैन के मुताबिक, पिछली बार विधेयक को लेकर विपक्ष के पास जो संख्या बल था, वह अभी भी मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन लोटस के तहत ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर कुछ राजनीतिक दलों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना होगा कि कितने नेता इस दबाव में आते हैं।

रामजी लाल सुमन का आरोप- बहुमत जुटाने की कोशिश में सरकार
बैठक में पहुंचे समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि फिलहाल गठबंधन की बैठक चल रही है और इसके बाद ही कोई ठोस जानकारी दी जा सकेगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है, लेकिन वह किसी भी तरह बहुमत हासिल करना चाहती है।
पवन खेड़ा बोले- पूरी ताकत से करेंगे विरोध
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि परिसीमन विधेयक को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा होगी। इसके बाद गठबंधन अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करेगा। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन पूरी ताकत के साथ इस विधेयक का विरोध करेगा। उनके मुताबिक, परिसीमन में प्रतिनिधित्व के साथ न्याय और समानता सुनिश्चित होना बेहद जरूरी है।
DMK के बदले रुख से विपक्ष में नाराजगी
आरएसपी सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने डीएमके के रुख में बदलाव पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि पहले सभी विपक्षी दल डीएमके के साथ मजबूती से खड़े थे, लेकिन अब उसका रुख बदलना निराशाजनक है। उन्होंने संख्या बल को लेकर भी सरकार की रणनीति पर सवाल उठाए।
कपिल सिब्बल ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि बीजेपी अगले 40 वर्षों तक सत्ता में बने रहने के उद्देश्य से चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाने बदलाव करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि दूसरी पार्टियां भी ऐसे बदलावों का समर्थन करती हैं और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती हैं, तो वे इस विधेयक का समर्थन कर सकती हैं।फिलहाल सभी की नजरें खरगे के आवास पर चल रही बैठक के नतीजों पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या INDIA गठबंधन परिसीमन बिल के खिलाफ एकजुट रह पाएगा या सहयोगी दलों के अलग-अलग रुख से विपक्ष की रणनीति कमजोर पड़ जाएगी।

