India Oval Test 2025 : भारत ने ओवल में खेली गई रोमांचक टेस्ट सीरीज के अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड को 6 रनों से हराकर न केवल इतिहास रचा, बल्कि क्रिकेट की दुनिया को यह भी बताया कि टेस्ट क्रिकेट अभी भी जीवित है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने जिस तरह से पिछड़ते मैच को जीत में बदला, वह दर्शाता है कि जब टीम एकजुट होकर खेले, तो कुछ भी संभव है। लेकिन यह जीत केवल दर्शकों और विश्लेषकों के लिए नहीं थी। यह संदेश उन खिलाड़ियों के लिए भी था जो खुद को टीम से बड़ा मानने लगे हैं और ‘वर्कलोड मैनेजमेंट’ के नाम पर अहम मौकों से दूर रहते हैं।
इस सीरीज को तेंदुलकर-एंडरसन टेस्ट सीरीज के तौर पर भी याद किया जाएगा। न सिर्फ भारत बल्कि इंग्लैंड ने भी कई बार हारी हुई बाजी को पलटा। आखिरी दिन तक मैच का फैसला लटकता रहा, जो बताता है कि टेस्ट क्रिकेट में कितना रोमांच छिपा होता है।
ऋषभ पंत चोट के बावजूद बल्लेबाजी करने आए और इंग्लैंड के क्रिस वोक्स कंधे की चोट के बावजूद मैदान में डटे रहे। मोहम्मद सिराज ने तो इस सीरीज को अपने नाम ही कर लिया। 23 विकेट लेकर वह भारत के सबसे सफल गेंदबाज बने और हर मुकाबले में दिल से लड़े।
सिराज उन दो तेज गेंदबाजों में थे जिन्होंने पूरी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली। उन्होंने 1100 से ज्यादा गेंदें फेंकी, लेकिन थकावट का नामोनिशान नहीं। ओवल टेस्ट की चौथी पारी में उन्होंने 146 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी की, मानो यह उनका पहला ही मैच हो।
चौथे दिन एक अहम कैच छोड़ने के बाद सिराज पर दबाव था, लेकिन उन्होंने पांचवें दिन तीन विकेट लेकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। उनकी गेंदबाजी में वह धार थी, जो बड़े मौकों पर बड़े खिलाड़ी दिखाते हैं।
जब सिराज टीम इंडिया के पेस अटैक को लीड करते हैं, तो उनका प्रदर्शन और भी शानदार हो जाता है। बुमराह के बिना खेले 16 टेस्ट में उन्होंने 49 विकेट लिए और भारत ने 12 मैच जीते। यह आंकड़े दिखाते हैं कि सिराज सिर्फ सपोर्टिंग बॉलर नहीं हैं, वह फ्रंटलाइन वारियर हैं।
सिराज का समर्पण उन खिलाड़ियों के लिए करारा तमाचा है जो थकान या वर्कलोड का हवाला देकर अहम मुकाबले छोड़ते हैं। क्या कोई खिलाड़ी टीम से ऊपर हो सकता है? सिराज जैसे उदाहरण दिखाते हैं कि जब जज्बा हो तो हर बाधा छोटी लगती है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जब उनके पिता का निधन हुआ था, तब भी सिराज ने टीम नहीं छोड़ी। वह अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो सके, क्योंकि उनके लिए देश पहले था। यह समर्पण उन्हें दूसरों से अलग बनाता है।
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत ने साफ कर दिया है कि क्रिकेट में व्यक्तिगत स्टारडम से कहीं ज्यादा मायने रखता है टीम का समर्पण और एकता। जब तक आप मैदान में हैं, तब तक आप सर आंखों पर। लेकिन टीम से बड़ा बनने की कोशिश करने वालों को समय भूला देता है।
जो खिलाड़ी सोचते हैं कि उनका नाम ही काफी है, उनके लिए यह जीत एक चेतावनी है – क्रिकेट टीम वर्क है, और उसमें हर खिलाड़ी को अपना 100% देना होता है। ओवल टेस्ट की जीत न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक वैचारिक मोड़ भी है। यह जीत बताती है कि जज्बा, समर्पण और देश के लिए खेलने की भावना आज भी क्रिकेट का सबसे मजबूत आधार है – और यह उन खिलाड़ियों के लिए आईना है जो सिर्फ नाम से खेलते हैं, काम से नहीं।
GST Miracle : वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था से एक…
Bengal Judiciary Crisis: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक…
Iran-US Crisis: ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध की बढ़ती पदचापों के बीच ईरानी राष्ट्रपति…
Gold Silver Price Crash: वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच…
CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य…
Ladki Bahin Yojana Update: महाराष्ट्र सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी 'माझी लाड़की बहिन योजना' को लेकर…
This website uses cookies.