Train luggage extra charge: रेलवे यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब हवाई यात्रा की तरह रेल यात्रियों को भी तय सीमा से अधिक सामान (Excess Luggage in Train) ले जाने पर अतिरिक्त किराया देना होगा। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) ने तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक लगेज मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों के जरिए यात्रियों के सामान का वजन किया जाएगा। यदि किसी यात्री का सामान निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया तो उस पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, अगर यात्री ने पहले से अतिरिक्त सामान की बुकिंग नहीं की है, तो उसे जुर्माना (Penalty) भी भरना पड़ेगा।

किन स्टेशनों पर होगी शुरुआत?
शुरुआत में यह व्यवस्था प्रयागराज मंडल के इन प्रमुख स्टेशनों पर लागू की जाएगी:

प्रयागराज जंक्शन
प्रयागराज छिवकी
सूबेदारगंज
कानपुर सेंट्रल
मिर्जापुर
टूंडला
अलीगढ़ जंक्शन
गोविंदपुरी
इटावा
इन सभी स्टेशनों पर जल्द ही लगेज जांच के लिए मशीनें लगाई जाएंगी।
लगेज का साइज भी होगा चेक
प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने बताया कि केवल वजन ही नहीं बल्कि लगेज का साइज भी देखा जाएगा। यदि सामान का वजन तय सीमा के भीतर है, लेकिन उसका आकार (Size) ज्यादा जगह घेरता है, तो भी अतिरिक्त चार्ज लिया जाएगा। ऐसे मामलों में सामान्य दर से अधिक शुल्क वसूला जाएगा।
किस क्लास के यात्री कितना सामान ले जा सकते हैं?
रेलवे ने यात्रियों के क्लास के आधार पर लगेज सीमा (Luggage Limit in Train) तय की है:
फर्स्ट एसी: 70 किलो
सेकंड एसी: 50 किलो
थर्ड एसी: 40 किलो
स्लीपर क्लास: 40 किलो
जनरल और सेकंड सिटिंग: 35 किलो
इससे अधिक सामान होने पर यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
रेलवे का तर्क – सुरक्षा और सुविधा
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह नियम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू किया जा रहा है। यह नियम सभी यात्रियों पर समान रूप से लागू होगा और किसी भी क्लास या श्रेणी को छूट नहीं दी जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यदि उन्हें अधिक सामान लेकर यात्रा करनी है तो वे एडवांस बुकिंग करा लें। इससे यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और स्टेशन पर जुर्माना भी नहीं देना पड़ेगा।
रेलवे का यह कदम यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अब ट्रेन में भी विमान जैसी लगेज पॉलिसी लागू होगी, जिसमें तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अतिरिक्त किराया और जुर्माना भरना होगा। यह नियम एक ओर जहां यात्रियों को अनुशासन में रखेगा, वहीं दूसरी ओर यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में भी मदद करेगा।
Read More : PM Modi attacks Nehru : एनडीए बैठक में पीएम मोदी का नेहरू पर हमला, कहा- सिंधु जल समझौता किसानों के खिलाफ था










