IPL 2027 : आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपने रिलीज और रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। बीसीसीआई की ओर से तय समयसीमा के भीतर टीमों ने अपने फैसले सार्वजनिक किए। अब खिलाड़ियों की अदला-बदली और रिलीज के बाद 16 दिसंबर 2026 को गोवा में मिनी ऑक्शन आयोजित होगा। इस नीलामी में टीमें अपने खाली स्थान भरने और मजबूत संयोजन तैयार करने की कोशिश करेंगी।
एमएस धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास
रिटेंशन प्रक्रिया से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने खिलाड़ी के रूप में आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया। चेन्नई ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है। इस तरह आईपीएल 2027 में धोनी एक नई भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने 19 आईपीएल सीजन में बतौर खिलाड़ी हिस्सा लिया था।

मुंबई से लेकर राजस्थान तक इन खिलाड़ियों की हुई छुट्टी
मुंबई इंडियंस ने दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, एम गजनफर, अथर्व अंकोलेकर, केशव महाराज, मोहम्मद इजहार, दानिश मलेवार, मयंक मार्कंडे और मयंक रावत को रिलीज किया है। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने एडम मिल्ने, क्वेना मफाका, तुषार देशपांडे, कुलदीप सेन, युद्धवीर सिंह, विग्नेश पुथुर, रवि सिंह और शिमरन हेटमायर को टीम से बाहर किया है।

चेन्नई सुपर किंग्स की रिलीज और रिटेन लिस्ट
चेन्नई सुपर किंग्स ने मैथ्यू शॉर्ट, मैट हेनरी, जैक फॉल्क्स, प्रशांत वीर, अमन खान, कुलदीप यादव, आकाश मधवाल, डायन फॉरेस्टर, मैकनील नोरोन्हा और एमएस धोनी को रिलीज सूची में रखा है। टीम ने ऋतुराज गायकवाड़, डेवाल्ड ब्रेविस, रामकृष्णा घोष, सरफराज खान, आयुष महात्रे, कार्तिक शर्मा, लियाम लिविंगस्टन, राहुल चाहर, मुकेश चौधरी, जैक एडवर्ड्स, आकिल हुसैन, स्पेंसर जॉनसन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, गुरजपनीत सिंह, शिवम दुबे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवर्टन, उर्विल पटेल और संजू सैमसन को रिटेन किया है। लिविंगस्टन और एडवर्ड्स ट्रेड के जरिए टीम में आए हैं।
बाकी फ्रेंचाइजियों की रिलीज लिस्ट
सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्रेविस हेड, कामिंडु मेंडिस, जयदेव उनादकट, डी. मदुशंका, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, शिवम मावी, गेराल्ड कोएत्जी और डेविड पायने को रिलीज किया है। पंजाब किंग्स ने लॉकी फर्ग्यूसन, मिच ओवेन, नेहल वढेरा, पायला अविनाश, प्रवीण दुबे और विशाल निषाद को रिलीज किया।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने एम ब्रीट्जके, एनरिक नॉर्खिया, जॉर्ज लिंडे, वानिंदु हसरंगा, नमन तिवारी और अर्शिन कुलकर्णी को रिलीज किया। दिल्ली कैपिटल्स की रिलीज सूची में नितीश राणा, अभिषेक पोरेल, पथुम निसांका, बेन डकेट, करुण नायर, साहिल पारख, दुष्मंथा चमेरा, रेहान अहमद, मिचेल स्टार्क और अजय मंडल शामिल हैं।
कोलकाता, गुजरात और बेंगलुरु ने भी किए बड़े बदलाव
कोलकाता नाइट राइडर्स ने अजिंक्य रहाणे, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी, दक्ष कामरा, लवनीथ सिसोदिया, एम पथिराना, मुस्तफिजुर रहमान, नवदीप सैनी, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, तेजस्वी सिंह और उमरान मलिक को रिलीज किया है। गुजरात टाइटंस ने ईशांत शर्मा, मार्क वुड, कुलवंत खेजरोलिया, शाहरुख खान और कॉनर एस्टरहुइजन को रिलीज किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जैकब बेथेल, रिचर्ड ग्लीसन, मंगेश यादव, सात्विक देसवाल और विहान मल्होत्रा को रिलीज किया है।
किस टीम के पास कितना बचा है पर्स?
मिनी ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के पास सबसे अधिक 47.45 करोड़ रुपये बचे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 41.65 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद के पास 40.15 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पास 39.50 करोड़ रुपये हैं। मुंबई इंडियंस के पास 32.60 करोड़, चेन्नई सुपर किंग्स के पास 28.05 करोड़ और राजस्थान रॉयल्स के पास 27.05 करोड़ रुपये शेष हैं। पंजाब किंग्स के पास 18.60 करोड़, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 14.15 करोड़ और गुजरात टाइटंस के पास 8.75 करोड़ रुपये का पर्स बचा है।
16 दिसंबर को गोवा में होगी खिलाड़ियों की नीलामी
अब सभी टीमों की नजर 16 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन पर है। बचे हुए पर्स और खाली स्लॉट के आधार पर फ्रेंचाइजियां खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। लखनऊ के पास सबसे बड़ा बजट है, जबकि गुजरात टाइटंस के पास सबसे कम रकम बची है। ऑक्शन में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन-सी टीम अपने दल को मजबूत करने के लिए किन खिलाड़ियों पर बड़ा दांव लगाती है।

