Robert Pattinson James Bond : हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन इन दिनों अपनी नई पहचान और जेम्स बॉन्ड की भूमिका को लेकर सुर्खियों में हैं। मशहूर जासूस 007 के किरदार के लिए उनका नाम सामने आने के बाद दुनियाभर में चर्चा शुरू हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अभिनेता को इस नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दी हैं। लेकिन इस बधाई के दौरान ट्रंप ने कुछ ऐसा कर दिया, जिससे हॉलीवुड की करीब 14 साल पुरानी प्रेम कहानी एक बार फिर चर्चा में आ गई। दरअसल, उन्हें रॉबर्ट पैटिनसन की पूर्व गर्लफ्रेंड क्रिस्टन स्टीवर्ट से जुड़ा अपना पुराना ट्वीट याद आ गया। खास बात यह रही कि ट्रंप ने ओवल ऑफिस में खुद उस पोस्ट को पढ़कर सुनाया।
जेम्स बॉन्ड बनने पर रॉबर्ट पैटिनसन को ट्रंप ने दी बधाई
24 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ओवल ऑफिस में न्यूयॉर्क पोस्ट के पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनसे रॉबर्ट पैटिनसन को जेम्स बॉन्ड की भूमिका मिलने से जुड़ा सवाल पूछा गया। इस सवाल पर ट्रंप ने तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय अपनी सहयोगी नताली हार्प को बुलाया और अभिनेता से संबंधित खबरें लाने के लिए कहा।इस दौरान ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में एक दिलचस्प सवाल भी किया। उन्होंने पूछा कि क्या जेम्स बॉन्ड कंजर्वेटिव हैं? कुछ समय बाद जब उनके सामने पैटिनसन से जुड़ी खबरें पहुंचीं, तो उन्होंने अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छे दिखते हैं और उन्हें अपनी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें हमेशा ऐसे लोग पसंद आते हैं, जो उन्हें पसंद करते हैं।

अचानक ट्रंप को याद आया 2012 का पुराना ट्वीट
रॉबर्ट पैटिनसन से जुड़ी खबरें देखते समय ट्रंप की नजर अपने एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट पर पड़ गई। यह पोस्ट साल 2012 का था और इसमें उन्होंने अभिनेता को उनकी तत्कालीन गर्लफ्रेंड क्रिस्टन स्टीवर्ट को लेकर सलाह दी थी। इसके बाद बातचीत का रुख बदल गया और हॉलीवुड की पुरानी प्रेम कहानी का जिक्र शुरू हो गया।ट्रंप ने ओवल ऑफिस में मौजूद लोगों के सामने अपना पुराना ट्वीट पढ़कर सुनाया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने पैटिनसन को क्रिस्टन स्टीवर्ट के साथ रिश्ता खत्म करने की सलाह दी थी। हालांकि, पोस्ट पढ़ने के बाद उन्होंने यह भी कहा कि यह बहुत पुरानी बात है।

क्रिस्टन स्टीवर्ट और रूपर्ट सैंडर्स की तस्वीरों से बिगड़ा था रिश्ता
दरअसल, रॉबर्ट पैटिनसन और क्रिस्टन स्टीवर्ट की प्रेम कहानी हॉलीवुड की चर्चित लव स्टोरी में शामिल रही है। दोनों ने लोकप्रिय फिल्म सीरीज ‘ट्वाइलाइट’ में साथ काम किया था। पर्दे पर उनकी शानदार केमिस्ट्री के साथ वास्तविक जिंदगी में भी दोनों के रिश्ते की खूब चर्चा होती थी।लेकिन जुलाई 2012 में दोनों के रिश्ते में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब क्रिस्टन स्टीवर्ट की फिल्ममेकर रूपर्ट सैंडर्स के साथ कुछ तस्वीरें सामने आईं। इन तस्वीरों के बाद पैटिनसन और क्रिस्टन के रिश्ते में दरार की खबरें फैलने लगीं। विवाद बढ़ने पर क्रिस्टन ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।
ट्रंप ने क्रिस्टन को लेकर पैटिनसन को दी थी यह सलाह
उस समय डोनाल्ड ट्रंप सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने रॉबर्ट पैटिनसन को सलाह दी थी कि उन्हें क्रिस्टन स्टीवर्ट के साथ अपना रिश्ता दोबारा नहीं जोड़ना चाहिए।अपने पुराने ट्वीट में ट्रंप ने लिखा था कि पैटिनसन को क्रिस्टन को वापस नहीं अपनाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने उन्हें धोखा दिया है और वह दोबारा ऐसा कर सकती हैं। करीब 14 साल बाद उसी पोस्ट को ट्रंप द्वारा सार्वजनिक रूप से पढ़े जाने से यह पुराना विवाद फिर सुर्खियों में आ गया।

ब्रेकअप के बाद फिर करीब आए थे रॉबर्ट और क्रिस्टन
क्रिस्टन स्टीवर्ट से जुड़े विवाद के बावजूद रॉबर्ट पैटिनसन ने अपने रिश्ते को एक और मौका दिया था। दोनों कुछ समय के लिए फिर साथ आए, लेकिन उनकी सुलह ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। साल 2013 में दोनों ने हमेशा के लिए अपनी राहें अलग कर लीं।
अब पैटिनसन के जेम्स बॉन्ड बनने की चर्चा के बीच ट्रंप का पुराना ट्वीट फिर सामने आ गया है। दिलचस्प बात यह है कि जिस निजी रिश्ते को लेकर ट्रंप ने वर्षों पहले अभिनेता को सलाह दी थी, उसका जिक्र उन्होंने खुद उनके नए किरदार पर बातचीत के दौरान कर दिया। यही वजह है कि जेम्स बॉन्ड की खबर के साथ हॉलीवुड की यह पुरानी प्रेम कहानी भी इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई है।
Read More : UPPCS 2025: हाईकोर्ट के आदेश से बदलेगी भर्ती प्रक्रिया, जानिए अभ्यर्थियों पर क्या होगा असर

