Jagan Mohan Reddy claim: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी ने मौजूदा सियासी घमासान के बीच एक बड़ा दावा करते हुए राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। जगन का आरोप है कि तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संपर्क में हैं, और यह संपर्क तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के ज़रिए हो रहा है।

राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल
जगन मोहन रेड्डी ने हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “जब मैंने 2024 चुनाव के बाद वोट चोरी और मतगणना में 12 प्रतिशत अंतर का मुद्दा उठाया था, तब राहुल गांधी और कांग्रेस ने साथ क्यों नहीं दिया? अब जबकि चंद्रबाबू राहुल के संपर्क में हैं, कांग्रेस प्रवक्ता मणिकम टैगोर लगातार मेरी आलोचना कर रहे हैं।”उन्होंने तेलुगु राज्यों में शराब व्यापार को लेकर भी कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाया। “अगर कांग्रेस वाकई भ्रष्टाचार के खिलाफ है, तो MRP से ज्यादा दाम पर शराब की बिक्री, बेल्ट शॉप्स और परमिट रूम के मुद्दों पर चुप क्यों है?” उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि कांग्रेस अब TDP के साथ सॉफ्ट डीलिंग कर रही है।

बिहार SIR विवाद की पृष्ठभूमि
जगन से सवाल राहुल गांधी द्वारा बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों को लेकर बयानबाज़ी के संदर्भ में पूछा गया था। इस पर जगन ने कांग्रेस के दोहरे रवैये की बात की और कहा कि अगर कांग्रेस वाकई वोट की पवित्रता को लेकर गंभीर होती, तो आंध्र प्रदेश में TDP सरकार की कथित गड़बड़ियों पर भी उतना ही मुखर होती।
गौरतलब है कि बिहार में SIR के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में भारी गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि लिस्ट से 65 लाख लोगों के नाम हटाए गए हैं। साथ ही, विपक्ष का आरोप है कि BJP ने जानबूझकर विपक्षी वोटरों के नाम हटवाए और अपने समर्थकों के दो-दो वोट बनवाए हैं।
वोटर लिस्ट विवाद अब केंद्र तक पहुँचा
अब यह मामला केंद्र सरकार तक पहुंच चुका है, और INDIA गठबंधन खुलकर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहा है। कांग्रेस ने यह भी दावा किया है कि कई जिंदा लोगों को मृत दिखाकर वोटर लिस्ट से उनके नाम हटा दिए गए हैं। कुछ वोटर्स की उम्र में भी जानबूझकर हेरफेर की गई है। जगन मोहन रेड्डी के इस बयान से साफ है कि आंध्र की राजनीति में नया समीकरण उभर रहा है और विपक्षी एकता के दावे अब सवालों के घेरे में हैं। अब देखना यह है कि कांग्रेस और चंद्रबाबू नायडू इस आरोप पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
Read More : Savarkar Rahul Row : राहुल गांधी का दावा, “सावरकर केस में जान को खतरा, गोडसे के वंशज ने दर्ज कराया केस”










