Janjatiya Gaurav Diwas 2026 : छत्तीसगढ़ में जनजातीय संस्कृति, परंपरा, कला और इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव सप्ताह 2026 मनाया जाएगा। राज्य सरकार ने इस आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में 16 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के साथ इस आयोजन की विशेष शुरुआत होगी। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग और आदिम जाति विकास विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर में होंगे मुख्य अतिथि
जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यव्यापी आयोजनों को भव्य बनाने के लिए सरकार ने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है। बिलासपुर जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

इसके अलावा कोरबा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बालोद में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। इसी तरह कोरिया, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, मुंगेली, राजनांदगांव, धमतरी, जशपुर, बलरामपुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सक्ती और नारायणपुर सहित अन्य जिलों में भी मंत्रियों को मुख्य अतिथि बनाया गया है। कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा संबंधित अतिथियों के परामर्श से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

सांसदों और विधायकों को भी सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
राज्य सरकार ने आयोजन में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सांसदों और विधायकों को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी है। बलौदाबाजार, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, महासमुंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, सुकमा, कांकेर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और बेमेतरा में सांसद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।वहीं, बीजापुर, कोंडागांव, बस्तर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और सूरजपुर में संबंधित विधायक कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे। सरकार का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय जनजातीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाना और उनकी सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहित करना है।






करमा महोत्सव से लेकर शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव तक
जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश में कई सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित होंगी। आदिम जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार 11 से 18 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में जिला स्तर पर जनजातीय विषयों पर संगोष्ठियां होंगी। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय आंदोलनों के नायकों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र में पारंपरिक करमा लोक नृत्य महोत्सव आयोजित होगा। इसके अलावा शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और नृत्य प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इन कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय समाज के इतिहास, संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
शिल्प, व्यंजन और पुस्तक मेले में दिखेगी जनजातीय संस्कृति
आयोजन के दौरान जनजातीय विकास प्रदर्शनी के साथ पारंपरिक हस्तशिल्प, क्राफ्ट, स्थानीय व्यंजनों और पुस्तकों के विशेष मेले लगाए जाएंगे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। इसके अलावा प्रत्येक जिला मुख्यालय में जनजाति स्वाभिमान सम्मेलन और कला-संस्कृति से जुड़े विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।
फोटोग्राफी और चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिला स्तर पर जनजातीय विषयों पर फोटोग्राफी और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी होंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।सभी कलेक्टरों को कार्यक्रमों की सफलता की कहानी, वीडियो और तस्वीरों के साथ विस्तृत रिपोर्ट 25 नवंबर 2026 तक शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

