Surguja Elephant Death : छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में हाथियों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में मिली हथिनी की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि सूरजपुर जिले से एक और चिंताजनक खबर सामने आ गई। गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व क्षेत्र में गुरुवार सुबह हाथी के एक शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया।
शावक का शव मोहरसोप के पास जुड़वानिया लालमाटी जंगल में मिला है। बताया जा रहा है कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। यानी हाथी का बच्चा पिछले कई दिनों से जंगल में मृत अवस्था में पड़ा था, लेकिन वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी जानकारी तक नहीं मिल सकी। गुरुवार को जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना विभाग को दी। इसके बाद वन अमला मौके पर पहुंचा।

दो-तीन दिन तक जंगल में पड़ा रहा हाथी का शव
जानकारी के अनुसार, हाथी के शावक का शव मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के नजदीक जंगल में मिला। ग्रामीणों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल शावक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।वन विभाग की ओर से मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शावक की मौत बीमारी, प्राकृतिक कारणों या किसी अन्य वजह से हुई है। हालांकि, दो से तीन दिन तक शव पड़े रहने की जानकारी ने वन विभाग की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कबरा कान हाथी की दहशत के बीच मिली नई घटना
सूरजपुर जिले में पिछले कुछ महीनों से कबरा कान नाम के हाथी की आवाजाही और दहशत बनी हुई थी। इस हाथी ने हाल ही में ग्राम उमेश्वरपुर में एक महिला को कुचलकर मार डाला था। फिलहाल कबरा कान हाथी सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में सुबह से विचरण कर रहा है।हाथियों की लगातार गतिविधियों और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं के बीच अब टाइगर रिजर्व क्षेत्र में शावक का शव मिलने से चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में हाथियों की निगरानी और सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।
वन विभाग की गश्ती पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
शावक का शव दो-तीन दिन पुराना होने की बात सामने आने के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का आरोप है कि महुली वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर अक्सर क्षेत्र से गायब रहते हैं। ऐसे में जंगलों में नियमित गश्त और वन्यजीवों की निगरानी प्रभावित हो रही है।लगातार हाथियों की मौत और उनके शव मिलने की घटनाएं शासन तथा वन विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं।

दो दिन पहले उदयपुर के जंगल में मिली थी हथिनी की लाश
गौरतलब है कि बेबी एलीफैंट का शव मिलने से ठीक दो दिन पहले सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुसुवामुंडा जंगल में एक मादा हाथी का शव मिला था। शुरुआती चर्चा में हथिनी की मौत करंट की चपेट में आने से होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, सरगुजा डीएफओ ने करंट से मौत की बात को खारिज करते हुए बीमारी के कारण हथिनी की मौत होने की जानकारी दी थी।
इस मामले में एक हाथी के लापता होने की बात भी सामने आई थी। बुधवार को सरगुजा डीएफओ सहित वन विभाग का पूरा अमला लापता हाथी की तलाश में जुटा रहा। जंगल में करंट प्रवाहित तार लगाए जाने की आशंका को देखते हुए डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की गई। इस दौरान एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को बाद में छोड़ दिया गया।
कबरा कान हाथी की निगरानी में जुटा वन अमला
गुरुवार को वन विभाग की टीम का ध्यान कबरा कान हाथी की निगरानी पर केंद्रित रहा। उसे ट्रैंकुलाइज किए जाने की भी चर्चा सामने आई। हालांकि, हाथी के शावक की मौत और हथिनी की मौत के कारणों को लेकर जांच अभी जारी है।लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने सरगुजा संभाग में वन्यजीव सुरक्षा और हाथियों की निगरानी व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि वन विभाग शावक की मौत की वजह का पता लगाने और जंगलों में गश्त व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाता है।

