Kartik Purnima 2026 : हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि को स्नान, दान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बेहद शुभ माना जाता है। सालभर में आने वाली 12 पूर्णिमाओं में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के चार दिन बाद भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागने के पश्चात कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया जाता है। वर्ष 2026 में कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर, मंगलवार को पड़ रही है।
इस दिन भगवान विष्णु, भगवान शिव और माता लक्ष्मी की पूजा के साथ तुलसी पूजन का भी विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धापूर्वक पूजा, स्नान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। वहीं ज्योतिष शास्त्र में इस दिन चंद्रमा को अर्घ्य देना भी विशेष फलदायी बताया गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से कुंडली में चंद्रमा से संबंधित अशुभ प्रभावों को शांत करने में मदद मिल सकती है।

कार्तिक पूर्णिमा 2026: चंद्रोदय और चंद्र अर्घ्य का शुभ मुहूर्त
कार्तिक पूर्णिमा के दिन चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए चंद्रोदय का समय महत्वपूर्ण माना जाता है। उपलब्ध पंचांग गणना के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को चंद्रोदय शाम 4 बजकर 56 मिनट पर होगा। वहीं सूर्यास्त का समय शाम 5 बजकर 24 मिनट बताया गया है।

चंद्र अर्घ्य देने का शुभ समय:
तारीख: 24 नवंबर 2026, मंगलवार
चंद्रोदय: शाम 4:56 बजे
सूर्यास्त: शाम 5:24 बजे
अर्घ्य देने का समय: शाम 5:25 बजे से रात 8:00 बजे तक।
इस दौरान श्रद्धालु चंद्र देव की पूजा करके उन्हें जल अर्पित कर सकते हैं। स्थानीय पंचांग और भौगोलिक स्थिति के अनुसार समय में अंतर संभव है।

चंद्रमा को अर्घ्य देने से दूर हो सकता है चंद्र दोष
ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, माता और मानसिक शांति का कारक ग्रह माना जाता है। कुंडली में चंद्रमा की स्थिति कमजोर होने या छठे, आठवें और बारहवें भाव में होने पर चंद्र दोष की स्थिति बन सकती है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इसके कारण व्यक्ति को मानसिक बेचैनी, तनाव और पारिवारिक जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्रमा को अर्घ्य देना इस दोष के अशुभ प्रभावों को कम करने का उपाय माना जाता है।
धन से जुड़ी परेशानियों में भी मिलता है लाभ
ज्योतिष के अनुसार, चंद्रमा का संबंध आर्थिक स्थिति और सुख-सुविधाओं से भी जोड़ा जाता है। कुंडली में चंद्रमा की प्रतिकूल स्थिति, विशेषकर दूसरे भाव के स्वामी का त्रिक भावों में होना या अशुभ ग्रहों से प्रभावित होना, धन संबंधी परेशानियों का संकेत माना जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्र देव की पूजा और अर्घ्य देने से आर्थिक बाधाओं के नकारात्मक प्रभाव कम हो सकते हैं।
चंद्र ग्रहण दोष से राहत पाने का उपाय
जब कुंडली में चंद्रमा के साथ राहु या केतु की युति होती है, तो ज्योतिष में इसे चंद्र ग्रहण दोष कहा जाता है। मान्यता है कि इस योग के कारण व्यक्ति को जीवन में मानसिक तनाव और बार-बार बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। कार्तिक पूर्णिमा सहित प्रत्येक पूर्णिमा पर चंद्रमा को अर्घ्य देना इस दोष की शांति के लिए शुभ माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्र देव को कैसे दें अर्घ्य?
चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए शाम को एक साफ लोटे में शुद्ध जल भरें। इसमें थोड़ा कच्चा दूध, अक्षत और फूल डालें। इसके बाद चंद्र देव का ध्यान करते हुए ‘ॐ सों सोमाय नमः’ मंत्र का 11 बार जाप करें और धीरे-धीरे चंद्रमा को जल अर्पित करें। ध्यान रखें कि अर्घ्य देते समय जल आपके पैरों पर नहीं गिरना चाहिए। श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई इस पूजा को मानसिक शांति और सकारात्मकता के लिए शुभ माना जाता है।
Read More : Tripurasura Vadh Katha : देव दीपावली पर क्यों जलाए जाते हैं दीप, जानिए भगवान शिव की त्रिपुरासुर वध कथा

