Uric Acid Control : आजकल यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या तेजी से लोगों को प्रभावित कर रही है। बदलती जीवनशैली, खान-पान की आदतें और शारीरिक गतिविधियों में कमी को इसके प्रमुख कारणों में गिना जाता है। हालांकि, यूरिक एसिड बढ़ने को केवल खान-पान से जोड़कर देखना सही नहीं है। शरीर में यूरिक एसिड तब बनता है, जब प्यूरीन नामक पदार्थ टूटता है। प्यूरीन हमारे शरीर में प्राकृतिक रूप से मौजूद होता है। इसके अलावा कई खाद्य पदार्थों में भी पाया जाता है।
किडनी की भूमिका भी होती है बेहद महत्वपूर्ण
सामान्य स्थिति में किडनी यूरिक एसिड को फिल्टर करके पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब किडनी अतिरिक्त यूरिक एसिड को बाहर निकालने में सक्षम नहीं होती, तब खून में इसका स्तर बढ़ने लगता है। लंबे समय तक यूरिक एसिड अधिक रहने पर इसके छोटे-छोटे क्रिस्टल जोड़ों में जमा हो सकते हैं। इससे गाउट की समस्या पैदा हो सकती है। इसके कारण जोड़ों में अचानक तेज दर्द, लालिमा, सूजन और चलने-फिरने में परेशानी होने लगती है।

यूरिक एसिड बढ़ने पर किन चीजों से बनानी चाहिए दूरी?
यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए खान-पान में बदलाव करना जरूरी है। विशेषज्ञ रेड मीट, मांसाहार के कुछ प्रकार और ऑर्गन मीट जैसे लीवर और किडनी का सेवन सीमित रखने की सलाह देते हैं। कुछ सीफूड में भी प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इनका सेवन सावधानी से करना चाहिए।इसके अलावा शराब, खासकर बीयर, यूरिक एसिड की समस्या को बढ़ा सकती है। अधिक मात्रा में मीठे पेय पदार्थ, फ्रुक्टोज युक्त ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस का सेवन भी नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में इन चीजों से दूरी बनाना बेहतर विकल्प है।

क्या लहसुन खाने से यूरिक एसिड कम होता है?
यूरिक एसिड बढ़ने पर कई लोग घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं। इनमें लहसुन का सेवन भी काफी लोकप्रिय है। माना जाता है कि लहसुन में मौजूद पोषक तत्व शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। लेकिन क्या रोजाना लहसुन खाने से वास्तव में यूरिक एसिड का स्तर कम हो सकता है?
इस सवाल पर फोर्टिस अस्पताल, नोएडा के रुमेटोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. बिमलेश धर पांडे ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। डॉक्टर के मुताबिक, लहसुन में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। ये गुण शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने में मददगार हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं, जिनसे यह साबित हो सके कि लहसुन सीधे तौर पर यूरिक एसिड का स्तर कम करता है। इसलिए इसे यूरिक एसिड का इलाज समझना सही नहीं है।

यूरिक एसिड कंट्रोल करने के लिए क्या खाना चाहिए?
डॉक्टरों के अनुसार, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने में मददगार हो सकता है। इसके साथ कम फैट वाला दूध, दही, मौसमी फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए।दालों और कुछ सब्जियों में प्यूरीन मौजूद होने के बावजूद इन्हें पूरी तरह खाना बंद करने की आवश्यकता नहीं है। संतुलित मात्रा में इनका सेवन किया जा सकता है। इसके अलावा धीरे-धीरे वजन कम करना भी फायदेमंद है। तेजी से वजन घटाने और लंबे समय तक भूखे रहने से यूरिक एसिड का स्तर बढ़ सकता है।
कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है?
यूरिक एसिड बढ़ने पर केवल घरेलू नुस्खों और डाइट में बदलाव के भरोसे रहना उचित नहीं है। यदि बार-बार जोड़ों में दर्द, सूजन या गाउट के लक्षण दिखाई देते हैं, तो रूमेटोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर दवाओं की मदद से यूरिक एसिड नियंत्रित कर सकते हैं। लहसुन को संतुलित आहार में शामिल करें, लेकिन इसे निर्धारित इलाज का विकल्प न बनाएं।

