Air India flight AI 504 : कोच्चि एयरपोर्ट पर सोमवार रात दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI504 टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई। यह फ्लाइट एयरबस A321 एयरक्राफ्ट से ऑपरेट की जानी थी। कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) ने पुष्टि की कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमान को उड़ान से पहले ही रोक दिया गया और रखरखाव जांच के लिए वापस ले जाया गया।

कॉकपिट क्रू ने उड़ान रोकने का लिया फैसला
एअर इंडिया के बयान के अनुसार, टेकऑफ की तैयारी के दौरान विमान में तकनीकी समस्या का पता चला। कॉकपिट क्रू ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उड़ान नहीं भरी और विमान को सुरक्षित रूप से बे में खड़ा कर दिया। फिलहाल यात्रियों को दिल्ली भेजने के लिए एयरलाइन ने दूसरे एयरक्राफ्ट की व्यवस्था शुरू कर दी है।

सांसद हिबी ईडन भी थे फ्लाइट में सवार
फ्लाइट में एर्नाकुलम से कांग्रेस सांसद हिबी ईडन भी मौजूद थे। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में बताया कि विमान में असामान्य हरकत महसूस हुई और ऐसा लगा जैसे विमान रनवे पर फिसल गया हो। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया गया है।
लगातार तकनीकी खराबियों से जूझ रही एअर इंडिया
इससे पहले शनिवार को एअर इंडिया की मिलान-दिल्ली फ्लाइट भी पुशबैक के दौरान तकनीकी खराबी के चलते रद्द हुई थी। एयरलाइन ने बताया था कि टेकऑफ से पहले ही विमान में रखरखाव संबंधी दिक्कत सामने आई थी और क्रू का ड्यूटी टाइम पूरा हो जाने के कारण उड़ान भरना नियमों के खिलाफ होता। यात्रियों से माफी मांगते हुए फ्लाइट कैंसिल कर दी गई।
3 अगस्त को भी एअर इंडिया की दो उड़ानें तकनीकी कारणों से रद्द करनी पड़ी थीं। इनमें AI349 सिंगापुर-चेन्नई फ्लाइट और AI500 भुवनेश्वर-दिल्ली फ्लाइट शामिल थीं। भुवनेश्वर फ्लाइट में टेकऑफ से पहले केबिन का तापमान अचानक बढ़ने पर उड़ान रोक दी गई थी।
यात्रियों की सुरक्षा पर जोर
एअर इंडिया ने हर बार यही दोहराया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण नियमों के अनुसार उड़ान रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन के मुताबिक, किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए विमानन प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाता है।
पिछले कुछ दिनों में लगातार तकनीकी खराबियों के कारण फ्लाइट्स कैंसिल होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि एअर इंडिया का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही उठाए जाते हैं। फिलहाल कोच्चि से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दूसरे विमान से भेजने की तैयारी की जा रही है।
Read more : Rajinikanth Coolie box office : रजनीकांत की ‘कुली’ ने मचाया बॉक्स ऑफिस पर तहलका, 4 दिन में कमाए 355 करोड़










