Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार को सुभाष चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिहार पुलिस की टीम ने अचानक घेराबंदी कर डकैती के फरार आरोपियों को पकड़ लिया। बिहार पुलिस को नालंदा जिले में हुई एक बड़ी डकैती के मामले की जांच के दौरान आरोपियों के कोरबा में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उनकी लोकेशन ट्रेस की गई और पुलिस टीम तत्काल कोरबा पहुंची।


रॉन्ग साइड से पीछा कर पुलिस ने दबोचा
बताया जा रहा है कि संदिग्ध वाहन के सुभाष चौक के पास नजर आते ही बिहार पुलिस के जवानों ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने मौके से भागने का प्रयास किया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस वाहन ने रॉन्ग साइड से उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

हथियारबंद होने की आशंका से लोगों को दूर रहने की हिदायत
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को मौके से दूर रहने की हिदायत दी। पुलिस को आशंका थी कि फरार आरोपी हथियारों से लैस हो सकते हैं। इसी वजह से टीम ने बेहद सतर्कता के साथ संदिग्धों को घेरकर पकड़ा। हिरासत में लिए गए तीन लोगों में से दो की पहचान नालंदा डकैती कांड के आरोपियों के तौर पर बताई जा रही है।
नालंदा में घर में घुसकर हुई थी बड़ी डकैती
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की रात नालंदा जिले में करीब 12 हथियारबंद बदमाश एक घर में घुस गए थे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और इसके बाद घर में रखी नकदी तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद बिहार पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी और अलग-अलग स्थानों पर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
45 लाख रुपये नकद और करोड़ों के आभूषण की लूट
जानकारी के अनुसार, डकैतों ने घर से करीब 45 लाख रुपये नकद, लगभग 450 ग्राम सोने के आभूषण और करीब तीन किलो चांदी लूट ली थी। सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित राजीव रंजन के अनुसार, बदमाश घर से कई जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए थे। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी।

दो आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में सोनू कुमार महतो, उम्र 26 वर्ष, निवासी दीपनगर और धीरज कुमार महतो, उम्र 25 वर्ष, निवासी नालंदा के नाम सामने आए हैं। दोनों को बिहार पुलिस अपने साथ लेकर रवाना हो गई। वहीं तीसरे संदिग्ध की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अब डकैती में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए पूछताछ और तकनीकी जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कोरबा में हुई इस कार्रवाई के बाद बिहार और छत्तीसगढ़ पुलिस के बीच समन्वय भी सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नालंदा में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कोरबा तक कैसे पहुंचे और यहां किसके संपर्क में थे। अधिकारियों को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद डकैती में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए सामान के संबंध में अहम सुराग मिल सकते हैं। मामले की जांच अभी जारी है।











