Kurukshetra Murder
Kurukshetra Murder: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ तेलंगाना के रहने वाले एक व्यक्ति की तेजधार हथियारों से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय काटिका रजनीकांत के रूप में हुई है, जो ट्रैवल एजेंट से अपने पैसों का हिसाब करने हरियाणा आया था। आरोप है कि एजेंट ने रूस के वीजा के नाम पर रजनीकांत के साथ लाखों की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
वारदात का खुलासा मंगलवार, 6 जनवरी को हुआ जब मंदेडी गांव के एक किसान कुलवंत सिंह ने सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। किसान सुबह करीब 10:30 बजे ठोल-शाहाबाद मार्ग से घास लेने जा रहा था, तभी गुरुद्वारे से कुछ दूरी पर उसे झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। शव की हालत बेहद भयावह थी; गर्दन और चेहरे पर गहरे जख्म थे। किसान की सूचना पर तुरंत इस्माइलाबाद थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची।
शुरुआत में मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन तलाशी के दौरान मृतक की जेब से रूस की एक पुरानी हवाई टिकट बरामद हुई। उस टिकट पर एक मोबाइल नंबर और पता दर्ज था। पुलिस ने जब उस नंबर पर संपर्क किया, तो पता चला कि मृतक तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के अढलुर गांव का निवासी काटिका रजनीकांत है। पुलिस ने तुरंत मृतक के परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद वे कुरुक्षेत्र पहुंचे।
मृतक के चचेरे भाई मुदम सत्यम ने पुलिस को बताया कि रजनीकांत करीब एक साल पहले रूस गया था। उसे अंबाला के मस्तापुर निवासी ट्रैवल एजेंट सुखविंदर सिंह ने वीजा दिलवाया था। एजेंट ने दावा किया था कि वह 3 साल का वर्क वीजा दे रहा है, जिसके लिए उसने मोटी रकम वसूली थी। लेकिन रूस पहुंचने के बाद पता चला कि वीजा केवल 3 महीने का था। इस कारण रजनीकांत को समय से पहले भारत लौटना पड़ा। तभी से वह अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन एजेंट उसे टालता रहा।
परिजनों के अनुसार, रजनीकांत ने जब पैसे के लिए दबाव बनाया, तो एजेंट सुखविंदर ने उसे कुरुक्षेत्र आकर हिसाब करने को कहा। रजनीकांत सोमवार को तेलंगाना से हरियाणा के लिए निकला था। आरोप है कि जब वह एजेंट से मिलने पहुंचा, तो वहां विवाद हुआ और एजेंट ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि रजनीकांत केवल अपना हक मांगने आया था, लेकिन उसे मौत मिली।
डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में हत्या की क्रूरता साफ नजर आई है। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नरेश सैनी के मुताबिक, रजनीकांत के शरीर पर कुल 13 घाव मिले हैं। गर्दन पर दो बड़े कट थे, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हुई। इसके अलावा चेहरे पर 3, कमर पर 6 और सिर पर भी गहरी चोट के निशान थे। विशेषज्ञों का मानना है कि हत्या में चाकू के साथ-साथ गंडासे या तलवार जैसे किसी भारी और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है।
थाना इस्माइलाबाद के एसएचओ दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। ट्रैवल एजेंट सुखविंदर सिंह का नाम मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आया है। पुलिस की टीमें अंबाला और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी के गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
Read More: Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप का NATO पर बड़ा बयान,’अमेरिका के बिना शून्य है यह सैन्य संगठन’
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का बिगुल बज चुका है और कोलकाता नाइट…
Tulsi Gabbard Warning: अमेरिका की नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य पर…
UAE Eid ul Fitr 2026: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में इस वर्ष ईद उल फितर…
X Services Down: सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी और एलन मस्क के स्वामित्व वाले प्लेटफॉर्म…
Shivam Dube Train Journey: न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हराकर टी20 वर्ल्ड…
Assam Assembly Election: असम विधानसभा चुनाव 2026 की सरगर्मियों के बीच सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन…
This website uses cookies.