Mahadev Betting App Case : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद जांच एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही है। इसी कड़ी में CBI की टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के ठिकानों पर दबिश दी।
छह सदस्यीय टीम ने समता कॉलोनी में की जांच
मिली जानकारी के अनुसार, CBI की छह सदस्यीय टीम मोहित सोमानी के घर पहुंची। टीम ने वहां कुछ समय तक जांच-पड़ताल की और जरूरी जानकारियां जुटाने के बाद वापस रवाना हो गई। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या साक्ष्य मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि मोहित सोमानी ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में आरोपी है और वर्तमान में रायगढ़ जेल में बंद है। रायगढ़ पुलिस ने उसे गोवा से कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए गिरफ्तार किया था।

सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से पूछताछ में बड़े खुलासे
महादेव सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर की रिमांड पूरी होने के बाद उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल की ओर से कई अहम जानकारियां दिए जाने की बात सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सौरभ ने पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन संभालने की बात स्वीकार की है। वहीं, रवि उप्पल ने कथित लाइजनिंग और प्रोटेक्शन मनी पहुंचाने से जुड़ी जानकारी दी है।
हर महीने दो किस्तों में पहुंचती थी एक करोड़ की रकम?
जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, रवि उप्पल ने कथित तौर पर बताया कि हर महीने 50-50 लाख रुपये की दो किस्तों में प्रोटेक्शन मनी पहुंचाई जाती थी। इस तरह एक महीने में कुल एक करोड़ रुपये दिए जाने का दावा सामने आया है। हालांकि, यह रकम किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी, उनके नामों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। इन दावों की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

सौरभ ने लाइजनिंग से किया इनकार
पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने लाइजनिंग का काम करने से इनकार किया, जबकि रवि उप्पल ने इस भूमिका से जुड़ी बात स्वीकारने की जानकारी दी गई है। शुभम सोनी के वायरल वीडियो का हवाला दिए जाने पर सौरभ ने कथित तौर पर कहा कि इस बारे में उनसे ही पूछा जाना चाहिए। अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कौन है सौरभ चंद्राकर?
सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के भिलाई का निवासी है। बताया जाता है कि वह पहले जूस की दुकान चलाता था और वर्ष 2017 में ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़ा। वर्ष 2019 में दुबई जाने के बाद उसने रवि उप्पल के साथ मिलकर महादेव बेटिंग ऐप का नेटवर्क फैलाया। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित की जाती थी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले में अब तक 4,336 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त कर चुका है।
दुबई में शादी पर खर्च किए थे 200 करोड़ रुपये
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने दुबई में अपनी शादी पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इस आयोजन में बॉलीवुड की कई हस्तियों के शामिल होने और मेहमानों को भारत से निजी विमानों के जरिए बुलाने की खबरें भी सामने आई थीं।
रवि उप्पल की क्या थी भूमिका?
रवि उप्पल को महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप का सह-संस्थापक और प्रमुख प्रमोटर बताया जाता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसकी भूमिका कथित तौर पर नेटवर्क के वित्तीय प्रबंधन, हवाला लेन-देन और अवैध कमाई को इधर-उधर पहुंचाने से जुड़ी थी। फिलहाल इस मामले में CBI और अन्य जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

