Ambikapur News : सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने बात नहीं करने से नाराज होकर पेट्रोल पंप में काम करने वाली युवती की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जोगेंद्र पैकरा उर्फ लादेन (28 वर्ष), निवासी भुइसीकला थाना कुसमी, जिला बलरामपुर है, जो हाल ही में अंबिकापुर के श्याम लॉज में रहता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसका मृतिका से पूर्व में प्रेम संबंध था, लेकिन हाल के दिनों में बातचीत बंद होने से वह बुरी तरह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने दुकान से चाकू खरीदा और युवती पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

घटना का विवरण
प्रत्यक्षदर्शी गुरुदेव सिंह ने बताया कि वह अपने फ्रेंड्स चिकन कार्नर दुकान में काम कर रहा था, तभी उसने आरोपी को पेट्रोल पंप की युवती पर सिर, सीना और पेट में चाकू से लगातार वार करते देखा। जब उसने बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने एयर गन निकालकर फायर किया और उस पर हमला करने की कोशिश की। गली में भगदड़ मच गई लेकिन लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। घायल युवती को खून से लथपथ हालत में मिशन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 562/25 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से चाकू, आरोपी का बैग, मोटरसाइकिल, पीड़िता का चप्पल, आरोपी का चश्मा बरामद किया। साथ ही आरोपी के कब्जे से मोबाइल, वारदात के समय पहना गया कपड़ा और एयर गन भी जब्त किए गए।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवल दुबे, प्रधान आरक्षक मुकेश गुप्ता और अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रहे। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पढ़ें संबंधित खबर
Update : दिनदहाड़े पेट्रोल पंप कर्मचारी पर जानलेवा हमला, युवती की मौत – आरोपी युवक गिरफ्तार











