Mahadev Satta App CBI Raid : महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने देश के छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। यह कार्रवाई महादेव ऐप से जुड़े पैनल ऑपरेटरों और उनके नेटवर्क पर की गई है। CBI के मुताबिक, मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर यह तलाशी अभियान चलाया गया। ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सौरभ से ऐप के संचालन और उससे जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की गई थी।
33 ठिकानों पर मिले सक्रिय सट्टेबाजी के पैनल
CBI की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों में महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय मिले। जांच एजेंसी ने कार्रवाई करते हुए इन पैनलों को बंद करा दिया। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इन बरामद सामग्रियों की जांच के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क का खुलासा
जांच के दौरान CBI को ऐसे डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य मिले हैं, जिनसे कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। एजेंसी के अनुसार, सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से स्थानांतरित किया जाता था। पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी तैयार करने, सट्टे की रकम जमा कराने और कथित मुनाफे को हवाला के जरिए विदेश भेजने में भूमिका निभाते थे।

ओमान से भारत लाया गया था सौरभ चंद्राकर
महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने पूछताछ के लिए आठ दिनों की पुलिस हिरासत मंजूर की थी। इस दौरान अधिकारियों ने उससे ऐप के संचालन, विदेश में बैठे संचालकों और भारत में सक्रिय पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क को लेकर सवाल किए। जांच एजेंसी ने उसके सामने कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी रखे।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/11/14/mahadev-satta-app-cbi-raid-33-locations-six-states-2026-11-14-10-32-28.jpg)

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
CBI की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद 12 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। फिलहाल वह जेल में है और जांच एजेंसी मामले के दूसरे पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क
CBI के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार से मामला स्थानांतरित होने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का संचालन विदेश में बैठे लोगों के माध्यम से किया जाता था। विदेश में इसका मुख्य कार्यालय बताया गया है, जबकि भारत के अलग-अलग हिस्सों में पैनल ऑपरेटर काम करते थे। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाकर दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में रकम जमा कराते थे।
फरार आरोपियों और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच
जांच एजेंसी अब विदेश में छिपे आरोपियों, नेटवर्क को संचालित करने वाले लोगों और कथित रूप से मदद करने वाले सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
बैंक खाता और सिम किराए पर देना पड़ सकता है भारी
CBI ने आम लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज इस्तेमाल करने देना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। ऐसे खातों का इस्तेमाल अवैध लेन-देन में होने पर खाताधारक भी जांच और कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।

