Dantewada Naxal news: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगनार रोड के पास माओवादियों द्वारा बिछाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे एक बड़ी घटना को टाल दिया गया। साथ ही, इस अभियान के दौरान 6 संदिग्ध माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। नक्सलियों की घातक साजिश को विफल किया गया पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को मंगनार रोड पर पुलिस गश्ती दल को निशाना बनाने के इरादे से IED लगाया गया था। लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता और तेजी से कार्रवाई ने माओवादियों की साजिश को नाकाम कर दिया। IED को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया, जिससे सुरक्षा बलों और आम नागरिकों की जान बच गई। 6 नक्सली गिरफ्तार, महिला भी शामिल संयुक्त अभियान में शामिल बरसूर थाना, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी करते हुए कुल छह माओवादियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक महिला सहित पांच पुरुष शामिल हैं, जिन्होंने पूछताछ में पुलिस गश्त दल पर हमले की योजना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। कुख्यात नक्सली अनिल सलाम समेत कई अपराधी दबोचे गए गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम है अनिल उर्फ कचनु सलाम (30 वर्ष), जो कि कोंडागांव जिले के नेंदु वाया इलाके में कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है। उसके साथ बीजापुर की जमुना उर्फ जयमती मंडावी, सन्नू राम कश्यप, मनीष कश्यप, हरि राम कश्यप, और सुलाराम कश्यप को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी मालेवाही थाना क्षेत्र के कहचनार गांव के निवासी हैं। भारी मात्रा में माओवादी सामग्री बरामद ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने मौके से 0.5 किलो का सक्रिय IED प्रेशर बम, फावड़ा, तलवार और अन्य माओवादी प्रचार सामग्री बरामद की है। सभी सामग्री को जब्त कर उचित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। आरोपियों पर BNS और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज गिरफ्तार सभी नक्सलियों के खिलाफ भारतीय न्याया संहिता (BNS) की धारा 61(2)(A), 190, 191(2) और विस्फोटक अधिनियम की धारा 4 व 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। यह कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सुरक्षा बलों की रणनीति और सतर्कता से नक्सली नेटवर्क को लगातार कमजोर किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि राज्य में नक्सलियों के लिए अब कोई जगह नहीं है। Read more : Amir Khan Muttaqi news: अफगान विदेशमंत्री की प्रेस-कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों की पहली कतार में मौजूदगी, मुत्तकी ने कहा – पिछली बार समय कम था














