Miss Universe 2026 : मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने अपने नाम कर लिया है। सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में जेनिफर ने दुनियाभर से आई प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित ताज हासिल किया। फाइनल मुकाबले में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नूनेज पहली रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ प्यूर्टो रिको को छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब मिला है।
भारत की कजियाह लिज मेजो का सफर टॉप-30 में थमा
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय दर्शकों की उम्मीदें कजियाह लिज मेजो से जुड़ी थीं। उन्होंने शुरुआती दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 में पहुंचने से पहले ही उनका सफर समाप्त हो गया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मंच पर टॉप-30 तक पहुंचना उनके लिए एक अहम उपलब्धि रही। भारत को इस बार भी मिस यूनिवर्स का ताज नहीं मिल सका और देश का पांच साल पुराना इंतजार जारी रहा।

कौन हैं मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो?
जेनिफर बैरेटो की पहचान सिर्फ एक ब्यूटी क्वीन के रूप में नहीं है। उनकी शैक्षणिक और पेशेवर उपलब्धियां भी चर्चा में हैं। उनके पास रिसर्च साइकोलॉजी में स्नातक की डिग्री है। इसके अलावा उन्होंने साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हासिल की हैं। उनका अकादमिक अनुभव मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और परिवारों की सहायता जैसे क्षेत्रों से जुड़ा रहा है।

अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ किया काम
जेनिफर ने वर्ष 2021 में टेक्सास के फोर्ट हूड में अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की थी। वहां वह फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम से जुड़ीं और एजुकेटर तथा संकट-प्रतिक्रिया सहयोगी की जिम्मेदारी निभाई। इस भूमिका में उन्होंने घरेलू हिंसा और बाल उत्पीड़न से प्रभावित सैन्य परिवारों की सहायता की। इसके साथ ही उन्होंने रोकथाम और हस्तक्षेप से जुड़ी रणनीतियों पर अधिकारियों को प्रशिक्षण देने में भी योगदान दिया। उन्होंने कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में भी सेवाएं दी हैं।
सैन जुआन में हुआ 75वां मिस यूनिवर्स समारोह
मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का यह संस्करण खास था, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता के 75 साल पूरे हुए। इसमें कुल 116 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग चरणों में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय परिधान, प्रारंभिक प्रस्तुतियों और फाइनल राउंड में अपनी प्रतिभा दिखाई। निर्णायकों ने उनके आत्मविश्वास, मंच पर प्रदर्शन और प्रभावशाली उपस्थिति के आधार पर मूल्यांकन किया।

विवादों के बीच हुआ प्रतियोगिता का समापन
75वां संस्करण उपलब्धियों के साथ विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा। कुछ प्रतिभागियों के नाम वापस लेने, फ्रेंचाइजी अधिकारों को लेकर विवाद और आयोजन प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों ने प्रतियोगिता को सुर्खियों में बनाए रखा। इसके बावजूद फिनाले का आयोजन हुआ और मेक्सिको की पूर्व विजेता फातिमा बॉश ने जेनिफर बैरेटो को मिस यूनिवर्स 2026 का ताज पहनाया।
भारत को पांच साल से क्यों नहीं मिला मिस यूनिवर्स का ताज?
भारत ने अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीता है। वर्ष 1994 में सुष्मिता सेन ने पहली बार यह ताज भारत के नाम किया था। इसके बाद 2000 में लारा दत्ता मिस यूनिवर्स बनीं। लंबे अंतराल के बाद 2021 में हरनाज संधू ने तीसरी बार भारत को यह गौरव दिलाया। उनकी जीत के बाद से कोई भारतीय प्रतिभागी यह खिताब नहीं जीत सकी है। कजियाह लिज मेजो के टॉप-12 में जगह नहीं बना पाने के बाद भारतीय प्रशंसकों को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। अब सबकी निगाहें आने वाले संस्करणों पर रहेंगी।
Read More : IPL 2027 Auction: 1220 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जानिए किस टीम के पास कितना पैसा

