Muzaffarpur Crime : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बरियारपुर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान वाजितपुर अशोक गांव निवासी संजय कुमार राय के रूप में हुई है। वह भोज में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भसौन और राजापाकर के बीच अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया और सिर में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद संजय कुमार सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। पहले सकरा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

ग्रामीण इलाकों में दूध का कारोबार करते थे संजय कुमार राय
मृतक संजय कुमार राय बरियारपुर थाना क्षेत्र के वाजितपुर अशोक गांव के रहने वाले थे। वह आसपास के ग्रामीण इलाकों में दूध का कारोबार करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, संजय कुमार राय रतनपुर गांव में आयोजित एक भोज में शामिल होने गए थे।भोज कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात अपनी बाइक से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में भसौन और राजापाकर के बीच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

घटनास्थल से बाइक मिली, गले से सोने की चेन गायब
इस हत्याकांड में लूटपाट की आशंका भी जताई जा रही है। मृतक के बेटे नितेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर उनके पिता की बाइक स्टैंड पर खड़ी मिली थी। इसके अलावा उनके गले में पहनी हुई सोने की कीमती चेन गायब थी। घटनास्थल पर हनुमान जी का टूटा हुआ लॉकेट भी पड़ा मिला।परिजनों को आशंका है कि अपराधियों ने पहले संजय कुमार राय के साथ लूटपाट करने की कोशिश की होगी। संभव है कि विरोध करने पर बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक लूटपाट को हत्या की वजह के रूप में आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही वारदात की असली वजह सामने आ सकेगी।
सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को शुरुआत में सड़क दुर्घटना में एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची।घायल को तत्काल सकरा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए SKMCH रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

24 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग, ग्रामीणों में आक्रोश
दूध कारोबारी की हत्या के बाद स्थानीय ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।जिला परिषद सदस्य सुरेश प्रसाद यादव ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि संजय कुमार राय की हत्या में शामिल अपराधियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई है।फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान करने, हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने और लूटपाट की आशंका की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कब तक कर पाती है।

