NCERT CIET Recruitment 2026: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के अंतर्गत कार्यरत सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल टेक्नोलॉजी (CIET) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न परियोजनाओं के तहत संविदा आधारित पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड (PAB) से स्वीकृत परियोजनाओं के लिए की जा रही है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 30 जुलाई 2026 रात 11 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि सभी नियुक्तियां पूरी तरह अस्थायी और परियोजना आधारित होंगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को नई दिल्ली स्थित सीआईईटी-एनसीईआरटी में कार्य करना होगा।

3 अगस्त से 7 अगस्त तक होंगे इंटरव्यू
भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य उम्मीदवारों के इंटरव्यू 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक पद के लिए चयन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। संस्थान के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों की प्रारंभिक नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक के लिए होगी। हालांकि, परियोजना की आवश्यकता और संस्थान के निर्णय के अनुसार कार्यकाल या अन्य शर्तों में बदलाव किया जा सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे इंटरव्यू की तिथि और अन्य अपडेट के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

किन पदों पर की जाएगी नियुक्ति?
इस भर्ती अभियान के तहत तकनीकी और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सीनियर कंसल्टेंट (टेक्निकल), कंसल्टेंट (टेक्निकल), सीनियर कंसल्टेंट (एकेडमिक), कंसल्टेंट (एकेडमिक), डेटा एनालिस्ट, मोबाइल ऐप डेवलपर, 3D ग्राफिक्स डेवलपर, एनिमेटर, ग्राफिक डिजाइनर, कंटेंट डेवलपर (टेक्निकल) तथा प्रोग्रामर जैसे पद शामिल हैं। संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया है कि परियोजना की आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में वृद्धि या कमी की जा सकती है।
योग्यता और अनुभव से जुड़े महत्वपूर्ण नियम
प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में आवश्यक डिग्री के साथ निर्धारित पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव होना अनिवार्य है। इसके अलावा स्कूल शिक्षा, रिसर्च, शिक्षण, प्रशिक्षण, एक्सटेंशन गतिविधियों तथा कंटेंट डेवलपमेंट से जुड़ा अनुभव भी मान्य माना जाएगा। हालांकि, एमफिल या पीएचडी के दौरान प्राप्त अनुभव को इस भर्ती में अनुभव के रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन पदों पर 40,000 रुपये या उससे अधिक मासिक मानदेय निर्धारित है, उन पदों के लिए अनुभव का दावा करने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के समय वेतन पर्ची, बैंक स्टेटमेंट या आयकर रिटर्न जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
एक लाख रुपये तक मिलेगा मासिक मानदेय
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक मासिक मानदेय दिया जाएगा। आधिकारिक सूचना के अनुसार विभिन्न पदों के लिए 42,000 रुपये से लेकर 1,00,000 रुपये प्रति माह तक का समेकित (Consolidated) वेतन निर्धारित किया गया है। अलग-अलग पदों के लिए वेतनमान और जिम्मेदारियां भी अलग-अलग होंगी। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति संविदा आधारित होगी, इसलिए चयनित उम्मीदवारों को नियमित सरकारी कर्मचारी जैसी सुविधाएं लागू नहीं होंगी।
आवेदन से पहले इन दस्तावेजों की करें तैयारी
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। यदि कोई अभ्यर्थी किसी सरकारी या निजी संस्थान में कार्यरत है, तो उसे इंटरव्यू के समय अपने नियोक्ता द्वारा जारी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बिना एनओसी के उम्मीदवार को इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके अलावा मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, निर्धारित प्रारूप में बायोडाटा तथा अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाना आवश्यक होगा। जिन उम्मीदवारों के पास प्रकाशित शोधपत्र, लेख, स्क्रिप्ट, स्टोरीबोर्ड, ग्राफिक्स, एनीमेशन, ऑडियो-वीडियो प्रोजेक्ट या अन्य पेशेवर कार्य हैं, वे उनके नमूने भी प्रस्तुत कर सकते हैं।
जानिए आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले एनसीईआरटी या सीआईईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां भर्ती या वैकेंसी सेक्शन में उपलब्ध संबंधित नोटिफिकेशन डाउनलोड करके उसे ध्यानपूर्वक पढ़ें। इसके बाद अपनी पात्रता की जांच करें और निर्धारित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। सभी आवश्यक जानकारी सही-सही भरने के बाद आवेदन पत्र अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 रात 11 बजे से पहले जमा कर दें। आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें ताकि किसी प्रकार की त्रुटि के कारण आवेदन निरस्त न हो। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
Read More : Sonam Wangchuk News: मेदांता अस्पताल की सुरक्षा पर पत्नी गीतांजलि नाराज, पूछा- ICU तक पुलिस क्यों?











