Nepal Flood : पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी के उफान के बाद कई इलाकों में हालात गंभीर हो गए। इस प्राकृतिक आपदा में 22 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 400 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 105 भारतीय नागरिक और 37 एनआरआई शामिल हैं। बड़ी संख्या में भारतीय तीर्थयात्रियों के भी फंसे होने की जानकारी सामने आई है।
भारत के शीर्ष नेताओं ने जताया गहरा दुख
नेपाल में आई इस त्रासदी पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और कई प्रमुख नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और वहां के नागरिकों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत पूरी मजबूती के साथ नेपाल के साथ खड़ा है और राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी नेपाल में बाढ़ से हुई मौतों और तबाही पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में लोगों की जान जाने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने लापता लोगों के जल्द सुरक्षित मिलने की प्रार्थना की और कहा कि इस कठिन समय में भारत की संवेदनाएं नेपाल के लोगों के साथ हैं।
अमित शाह ने सीमावर्ती राज्यों को किया सतर्क
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नेपाल की बाढ़ को बेहद दुखद बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संकट के समय भारत सरकार नेपाल के साथ मजबूती से खड़ी है। शाह ने बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि नेपाल से लगे उन क्षेत्रों में, जहां बाढ़ का असर पहुंच सकता है, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दलों के साथ एनडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
राहुल गांधी ने लापता भारतीयों की सुरक्षित वापसी की मांग की
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नेपाल में सैकड़ों लोगों के लापता होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर बेहद परेशान करने वाली है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाए और लापता भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करे।
प्रियंका गांधी ने तत्काल राहत अभियान की अपील की
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी नेपाल की स्थिति को बेहद चिंताजनक और दिल दहला देने वाला बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाने की अपील की। साथ ही नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मानवीय सहायता पहुंचाने की मांग की, ताकि संकट में फंसे लोगों को जरूरी मदद मिल सके।
तमिलनाडु के करीब 50 पर्यटकों को लेकर चिंता
लोकसभा सांसद दयानिधि मारन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर नेपाल में फंसे भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित निकालने की मांग की। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के करीब 50 पर्यटकों सहित कई भारतीयों के लापता होने की खबर है। मारन के मुताबिक, दुर्गम इलाकों और लगातार जारी बाढ़ के कारण राहत एवं बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
सड़क और पुल बहने से रेस्क्यू अभियान प्रभावित
दयानिधि मारन ने कहा कि बाढ़ से नेपाल में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। कई सड़कें और पुल बह गए हैं, जिससे संचार और परिवहन व्यवस्था बाधित हुई है। ऐसे में प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों तक राहत दलों की पहुंच मुश्किल हो रही है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने की अपील की।
पीएम मोदी ने नेपाल को हरसंभव मदद का भरोसा दिया
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बातचीत कर आपदा पर संवेदना जताई थी। प्रधानमंत्री ने भारत की ओर से राहत सामग्री और बचाव दल उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। भारत सरकार नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार सहायता बढ़ाने की तैयारी में है।
भारतीय दूतावास ने जारी किए आपातकालीन नंबर
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास भी बाढ़ की स्थिति और प्रभावित भारतीय नागरिकों की जानकारी पर लगातार नजर रख रहा है। दूतावास ने लापता भारतीयों के परिजनों की सहायता के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। साथ ही नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर भारतीय नागरिकों की तलाश और सुरक्षित निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं। संकट के बीच भारत सरकार का मुख्य फोकस लापता भारतीयों को जल्द खोजकर सुरक्षित स्वदेश लाना है।
Read More : Nepal Flood Update: नेपाल में 157 मौतें, 133 भारतीय लापता; भोटेकोशी बाढ़ ने मचाई तबाही