UNGA Netanyahu: गाजा-इजरायल संघर्ष के बीच एक अभूतपूर्व कदम में इजरायली सेना ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दिया गया भाषण गाजा में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रसारित किया। इस घटनाक्रम ने न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद खड़ा किया, बल्कि खुद इजरायल में भी आलोचना और चिंता को जन्म दिया है।

क्या हुआ है?
शुक्रवार को इजरायली सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि, “जनसंपर्क अभियान के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय ने नागरिक तत्वों को, इजरायली रक्षा बल (IDF) के सहयोग से, गाजा सीमा पर ट्रकों पर लाउडस्पीकर लगाने का निर्देश दिया ताकि प्रधानमंत्री नेतन्याहू का ऐतिहासिक UNGA भाषण गाजा पट्टी में सुना जा सके।”

सरकार ने यह भी दावा किया कि इजरायली सेना ने गाजा निवासियों और हमास सदस्यों के फोन नियंत्रण में लेकर भाषण का प्रसारण किया — हालांकि गाजा के भीतर इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई। वहां मौजूद एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों ने फोन पर ऐसा कोई प्रसारण होते नहीं देखा।
भाषण में क्या कहा नेतन्याहू ने?
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने भाषण में पश्चिमी देशों को फिलिस्तीन को राज्य के रूप में मान्यता देने के लिए फटकार लगाई और इजरायल के सैन्य अभियान को तब तक जारी रखने की बात कही जब तक हमास पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता। उन्होंने कहा:“हम अभी खत्म नहीं हुए हैं। हमास के अंतिम तत्व गाजा सिटी में छिपे हैं और वे 7 अक्टूबर जैसे हमलों को फिर दोहराना चाहते हैं।इजरायली सरकार के अनुसार, नेतन्याहू ने गाजा के नागरिकों से अपील की कि वे बंधकों की वापसी, हमास के निरस्त्रीकरण और गाजा के डिमिलिटराइजेशन में सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि “जो सहयोग करेगा, वह जिएगा — जो नहीं करेगा, उसका शिकार किया जाएगा।”
इजरायल में भी मचा बवाल
हाआरेत्ज़ अखबार के मुताबिक, एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने इस योजना को “एक पागलपन भरा विचार” करार दिया, जिसका कोई सैन्य लाभ नहीं है। रिपोर्टों में बताया गया कि कुछ इजरायली सैनिकों को गुरुवार रात आदेश दिए गए कि वे गाजा के अंदर और सीमा पर लाउडस्पीकर तैनात करें। इस निर्णय को लेकर इजरायल में राजनीतिक और सैन्य हलकों में भी विरोध देखा गया।
जमीनी हालात और मानवीय संकट
गाजा में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। गाजा सिटी में 22 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जिनमें से 11 सिर्फ एक इलाके में मारे गए। 65,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत और 1.6 लाख से ज्यादा घायल होने की पुष्टि हो चुकी है। UN समर्थित एजेंसियों ने गाजा के कुछ हिस्सों में अकाल घोषित किया है।
अल-शाती शरणार्थी शिविर की तस्वीरों में देखा गया कि इमारतों का मलबा सड़क पर बिखरा पड़ा है, बिजली के खंभे टूट चुके हैं और बच्चे मलबे में अपने सामान ढूंढते नजर आ रहे हैं।गाजा में नेतन्याहू का भाषण लाउडस्पीकर और कथित फोन प्रसारण के जरिए सुनाए जाने की यह पहल, इजरायल की “जनसंपर्क रणनीति” का एक नया रूप मानी जा रही है। लेकिन यह रणनीति न तो गाजा में मानवीय संकट को कम कर सकी है, न ही इसे व्यापक जनसमर्थन मिला है। इसके उलट, इसने राजनीतिक और सैन्य विशेषज्ञों को भी चौंका दिया है, जो इसे “लाभहीन और जोखिम भरा कदम” मानते हैं।










