BJP Nishikant Dubey : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और गांधी परिवार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि गांधी परिवार के कई सदस्य अफगानिस्तान में स्थित मुगल शासक बाबर की मजार पर जा चुके हैं। दुबे ने इसे कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक के अफगानिस्तान दौरों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार का बाबर से विशेष लगाव रहा है। हालांकि, उनके इन राजनीतिक दावों और टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
नेहरू से राहुल गांधी तक बाबर की मजार पर जाने का दावा
निशिकांत दुबे ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि अफगानिस्तान में स्थित बाबर की मजार पर सबसे पहले वर्ष 1959 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पहुंचे थे। इसके बाद वर्ष 1968 में इंदिरा गांधी, 1976 में राजीव गांधी और 2005 में राहुल गांधी ने भी वहां का दौरा किया था। बीजेपी नेता ने इन यात्राओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि गांधी परिवार के सदस्यों ने बाबर की मजार पर जाकर श्रद्धांजलि क्यों दी?

उन्होंने अपनी पोस्ट में 22 नवंबर 1957 की एक घटना का भी जिक्र किया। दुबे के मुताबिक, उस समय दिल्ली के लाल किले के संग्रहालय में रखी बाबर से संबंधित तलवार, युद्ध के कपड़ों समेत करीब 31 ऐतिहासिक वस्तुएं भारत के राजदूत ने अफगानिस्तान के तत्कालीन राजा मोहम्मद जाहिर शाह को सौंप दी थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि जनवरी 1958 में अफगानिस्तान के राजा भारत आए थे और अयोध्या स्थित बाबरी मस्जिद देखने पहुंचे थे।

राम मंदिर को लेकर सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी पर सवाल
बीजेपी सांसद ने अपने बयान में अयोध्या के राम मंदिर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अब तक राम मंदिर नहीं पहुंचे, जबकि गांधी परिवार के सदस्य बाबर की मजार पर फूल चढ़ाने अफगानिस्तान गए थे। इसी संदर्भ में उन्होंने सवाल किया कि गांधी परिवार का बाबर से आखिर क्या संबंध है?निशिकांत दुबे की इस टिप्पणी को कांग्रेस और बीजेपी के बीच जारी वैचारिक तथा राजनीतिक टकराव से जोड़कर देखा जा रहा है। राम मंदिर का मुद्दा पहले भी दोनों दलों के बीच राजनीतिक बहस का हिस्सा रहा है।
सोनिया गांधी पर किताब लिखने का ऐलान, कई मुद्दों का किया जिक्र
निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर एक और बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी पर एक ऐसी किताब लिखेंगे, जिसमें उनके मुताबिक कई अनकही बातों और राजनीतिक घटनाक्रमों का खुलासा किया जाएगा।बीजेपी नेता ने एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि इस किताब में वह बताएंगे कि सोनिया गांधी मारुति की मालिक कैसे बनीं और नेशनल हेराल्ड को खरीदने की पूरी प्रक्रिया क्या थी। उन्होंने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की असली वजहों का भी जिक्र किया जाएगा।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी राजनीतिक गलियारों की नजरें
निशिकांत दुबे के इन बयानों के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज होने की संभावना है। एक तरफ उन्होंने गांधी परिवार के कथित ऐतिहासिक दौरों को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं दूसरी तरफ सोनिया गांधी पर किताब लिखने की घोषणा कर नया राजनीतिक मुद्दा खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इन आरोपों पर क्या जवाब देती है और बीजेपी नेता अपनी प्रस्तावित किताब में किन तथ्यों और दस्तावेजों को सामने रखते हैं।

