Odisha Couple Punishment : ओडिशा के रायगड़ा जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के कल्याण सिंहपुर प्रखंड के कंजामयोजी गांव में एक प्रेमी युगल को इस कदर प्रताड़ित किया गया कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमी जोड़े को बैल की तरह खेत में जोतकर हल चलवाया गया, कोड़े मारे गए और अंततः गांव से भगा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना शिकारपाई पंचायत के अंतर्गत आने वाले कंजामयोजी गांव की है। जानकारी के अनुसार, युवक और युवती एक ही गोत्र के हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। आदिवासी समुदाय में एक ही गोत्र के युवक-युवती को भाई-बहन माना जाता है, ऐसे संबंध को समाज में अमान्य और वर्जित माना जाता है।जब ग्रामीणों को इस प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली तो उन्होंने आपसी पंचायत बुलाई और कानून को नजरअंदाज करते हुए तालिबानी सजा सुना दी।
बताया जा रहा है कि इस सजा से पहले ग्रामीणों ने गांव की देवी की पूजा की। पूजा के बाद प्रेमी युगल के गले में हल की रस्सी बांधी गई और उन्हें बैलों की तरह खेत में जोत दिया गया। यह सब गांव के लोगों की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से किया गया। खेत जोतवाने के बाद, ग्रामीणों ने दोनों को लाठी और कोड़ों से पीटा। इसके बाद उन्हें गांव से बेदखल कर दिया गया। फिलहाल प्रेमी युगल कहां हैं, इसका पता नहीं चल सका है।थाना प्रभारी नीलकंठ बेहरा ने मीडिया को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल कंजामयोजी गांव में पुलिस बल तैनात है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर गंभीर आक्रोश है। लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इसे आदिवासी समाज में तालिबानी सोच का प्रतीक बताते हुए कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है। विशेषज्ञों और समाजशास्त्रियों का कहना है कि आज के डिजिटल और संवैधानिक युग में ऐसी बर्बरता अक्षम्य है। प्रेम संबंधों को सजा देना समाज को पीछे ले जाने जैसा है।
यदि कोई युवा किसी से प्रेम करता है, तो परिवार और समाज को चाहिए कि वे संवाद और समझाइश से काम लें, न कि हिंसा और सामाजिक बहिष्कार से। यदि किसी कानूनी उल्लंघन की बात है, तो उसके लिए न्यायिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
रायगड़ा की यह घटना मानवता और संविधान दोनों के खिलाफ है। समाज को चाहिए कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाए, न कि हिंसक और असंवैधानिक व्यवहार करे। साथ ही, प्रशासन और कानून व्यवस्था को चाहिए कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Myanmar Blast : एक तरफ जहां म्यांमार के राष्ट्रपति भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं,…
India Nepal Border Dispute : नेपाल के नवनिर्वाचित और युवा प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने संसद…
Online Poison Seller: यह दुनिया का एक बेहद अजीब और दिल दहला देने वाला धंधा…
Vulture Conservation : लगभग दो दशक पहले भारतीय आसमान से एक बेहद जरूरी पक्षी लगभग…
Israel-Lebanon Conflict: मध्य पूर्व में जारी भारी तनाव के बीच इजराइली रक्षा बलों (IDF) ने…
RPSC APO Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राजस्थान से…
This website uses cookies.