Pawan Singh Wife Jyoti Singh: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाओं में हैं। उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से रिश्ते काफी समय से तनावपूर्ण चल रहे हैं। इसी सिलसिले में रविवार को ज्योति सिंह लखनऊ स्थित पवन सिंह के आवास पर उनसे मिलने पहुंचीं, लेकिन वहां उन्हें पुलिस का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पति से मिलने पहुंचीं, पुलिस का मिला सामना
ज्योति सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वह अपने पति और ससुराल पक्ष से मिलने लखनऊ स्थित घर पर पहुंचीं थीं, लेकिन पवन सिंह ने पुलिस बुला ली और उन्हें घर से बाहर निकलवाया गया। वीडियो में ज्योति सिंह रोते हुए कहती दिख रही हैं कि “मैं अपने पति से मिलने आई हूं, मुझे आप लोग कहां ले जा रहे हैं? आखिर मैंने ऐसा क्या किया है? कोई केस भी नहीं बताया गया और मुझे थाने चलने के लिए कहा जा रहा है।”

सोशल मीडिया पर पहले ही दी थी जानकारी
इससे पहले शनिवार को ही ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी कि वह अगले दिन अपने पति से मिलने उनके घर पहुंचेंगी। उन्होंने लिखा था,“प्रिय पतिदेव श्री पवन सिंह, मैं कल आपसे और आपके परिवार से मिलने लखनऊ स्थित आपके आवास पर आ रही हूं। मुझे आशा ही नहीं, पूर्ण विश्वास है कि आप मुझसे अवश्य मिलेंगे।”लेकिन जब वह पहुंचीं, तो पवन सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया न देते हुए पुलिस को बुला लिया गया, जिससे मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया।
रिश्तों में तनाव, कोर्ट में चल रही सुनवाई
पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच पिछले कुछ सालों से रिश्तों में खटास बनी हुई है। दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया कोर्ट में चल रही है। हालांकि, बीच में ऐसा माना जा रहा था कि दोनों के रिश्तों में कुछ सुधार आया है, लेकिन रविवार की घटना ने यह साफ कर दिया कि मामला अभी भी संवेदनशील स्थिति में है।
ज्योति सिंह ने कई बार सोशल मीडिया पर यह बात कही है कि वह अपने रिश्ते को बचाना चाहती हैं और पवन सिंह से बातचीत करके चीजों को सुलझाना चाहती हैं। वहीं दूसरी ओर, पवन सिंह इस रिश्ते से बाहर निकलने की कोशिश में लगे हुए हैं।
वीडियो वायरल, फैंस में मिली-जुली प्रतिक्रिया
ज्योति सिंह द्वारा शेयर किया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस और आम लोग इस पर मिश्रित प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग जहां ज्योति सिंह का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे प्राइवेट मैटर मानकर पब्लिक में लाने की आलोचना भी कर रहे हैं।
भोजपुरी इंडस्ट्री के मशहूर चेहरे पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार को लखनऊ में जो घटनाक्रम सामने आया, उसने इस निजी विवाद को एक बार फिर जनता और मीडिया की नजरों में ला खड़ा किया है। अब देखना होगा कि आगे यह मामला किस दिशा में बढ़ता है और दोनों पक्ष क्या कदम उठाते हैं।










