PM Modi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय फिलीपींस यात्रा पूरी करने के बाद दिल्ली लौट आए हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने सातवें क्वाड शिखर सम्मेलन में भी भाग लिया और विभिन्न देशों के नेताओं के साथ अहम मुलाकातें कीं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत के क्षेत्रीय और वैश्विक साझेदारों के साथ संबंधों को मजबूत करना तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाना रहा।
फिलीपींस के राष्ट्रपति से रक्षा और व्यापार पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को मनीला पहुंचे थे। यहां उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत और फिलीपींस के बीच सहयोग को नई ऊंचाई देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बातचीत में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल रहे।दोनों देशों के नेताओं ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने तथा साझा हितों के मुद्दों पर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। भारत और फिलीपींस के बीच रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने के लिहाज से इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।

सिंगापुर और थाईलैंड के नेताओं से भी हुई बातचीत
मनीला यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर और थाईलैंड के अपने समकक्षों से भी मुलाकात की। इन बैठकों में क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने साझा हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने के रास्तों पर बात की।इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने क्वाड के नेताओं के साथ भी बैठक में हिस्सा लिया। इन बैठकों के जरिए भारत ने क्षेत्रीय सुरक्षा, स्थिरता और सहयोग से जुड़े मुद्दों पर अपने साझेदार देशों के साथ विचार साझा किए।

विदेश मंत्रालय ने यात्रा को बताया सार्थक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच X पर प्रधानमंत्री की यात्रा को सार्थक बताया। उन्होंने जानकारी दी कि पीएम मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन, सातवें क्वाड शिखर सम्मेलन और अन्य द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेने के बाद भारत के लिए रवाना हुए।जायसवाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने इस यात्रा के दौरान आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए साझेदार देशों के साथ मिलकर काम करने का संकल्प भी जताया।
11 देशों का संगठन है आसियान
आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 देशों का क्षेत्रीय संगठन है। इसमें इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमा, कंबोडिया और तिमोर-लेस्ते शामिल हैं। भारत के साथ अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया भी आसियान के संवाद साझेदारों में शामिल हैं। भारत के लिए यह संगठन व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

बुधवार को मंत्रिपरिषद के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी
विदेश दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपनी मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह बैठक बुधवार सुबह आयोजित होगी। इसमें शासन व्यवस्था, प्रशासनिक सुधारों और सरकार की कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।बैठक में महिलाओं और युवाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विकास कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने जैसे मुद्दे भी उठ सकते हैं। इस कवायद का उद्देश्य मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद प्राथमिकताओं और चुनौतियों की बेहतर समझ देना है। मनीला यात्रा के बाद होने वाली यह बैठक घरेलू शासन और विकास एजेंडे के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Read More : Israel Politics: मतान कहाना बने इजरायल की संसद के नए स्पीकर, नेतन्याहू को लगा बड़ा झटका

