Kulgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ जिले के जुंगलपोरा इलाके में हुई, जहां सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। ताजा जानकारी के मुताबिक, जवानों का छिपे हुए आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हो गया है और दोनों तरफ से भारी गोलीबारी जारी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
11 नवंबर के CRPF नाके पर हमले की जांच में बड़ा खुलासा
इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF नाके पर हुए हमले की जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। पुलिस के मुताबिक, इस हमले में शामिल उमर निसार डार और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट ने वारदात को अंजाम देने से पहले कई स्थानों की रेकी की थी। जांच में सामने आया है कि दोनों ने सुरक्षाबलों की तैनाती और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए पहले से योजना बनाई थी।

हमले से एक दिन पहले चार स्थानों पर पहुंचे थे आरोपी
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि CCTV कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान उमर निसार डार और लतीफ भट की गतिविधियों का पता चला। फुटेज के अनुसार, दोनों 10 नवंबर को मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम पहुंचे थे। इन चारों स्थानों पर उन्होंने कथित तौर पर रेकी की और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए संभावित ठिकानों की पहचान की।जांच एजेंसियों के मुताबिक, अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों मोटरसाइकिल से अखरान पहुंचे। वहां CRPF जवानों के नाके को निशाना बनाते हुए उन्होंने गोलीबारी की। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से सामने आई आरोपियों की पूरी गतिविधि
पुलिस ने 10 और 11 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। जांच के दौरान उमर और लतीफ को कई जगहों पर देखा गया। फुटेज से हमले से पहले उनकी कथित रेकी और वारदात के बाद भागने की गतिविधियों की जानकारी मिली।पुलिस के अनुसार, उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आगे की जांच में पता चला कि वह पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को पनाह देने और उसकी मदद करने में शामिल था। पुलिस के मुताबिक, अखरान हमले के तुरंत बाद उमर TRF संगठन में शामिल हो गया था।
लारू मुठभेड़ में मारा गया उमर, लतीफ की तलाश जारी
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुरक्षाबलों ने लारू इलाके में उमर निसार डार और लतीफ भट को घेर लिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उमर मारा गया। हालांकि, लश्कर-ए-तैयबा कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों के हाथ नहीं लगा और उसकी तलाश जारी है।

जुंगलपोरा में नए अभियान से बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता
लारू की कार्रवाई के बाद बुधवार सुबह जुंगलपोरा में एक अन्य मुठभेड़ शुरू होने से कुलगाम में सुरक्षा अभियान तेज हो गया है। पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमें आतंकियों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल गोलीबारी और अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Read More : PM Modi News: मनीला दौरा पूरा कर दिल्ली लौटे पीएम मोदी, बुधवार को मंत्रिपरिषद के साथ करेंगे बैठक

