Priyanka Gandhi Bihar: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर कड़ी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सवाल करती है कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया, लेकिन असल में कांग्रेस ने बिहार समेत पूरे देश के लोगों के अधिकारों को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों के वोट को मजबूत किया, बड़े उद्योग, शिक्षण संस्थान, बांध और सड़कें बनवाईं, जिससे बिहार एक शिक्षित और विकसित राज्य बना।

कांग्रेस ने बिहार को बनाया शिक्षित और विकसित
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब बिहार में कांग्रेस सत्ता में थी, तब बड़े-बड़े शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए गए थे। इसी वजह से बिहार से कई IAS और IFS अधिकारी निकले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने बिहार को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाया, जबकि आज की स्थिति बहुत अलग है। रोज़गार की कमी और पलायन की समस्या गहराती जा रही है।

रोजगार की कमी पर उठाए सवाल
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में देशभर की स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि वह कई राज्यों में घूमती हैं और हर जगह पलायन का दृश्य देखती हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और केरल के उदाहरण देते हुए कहा कि बड़े शहरों और उद्योगों में काम करने वाले मजदूर भी पलायन कर रहे हैं। सड़क बनाने वाले मजदूर कहीं दूर से आ रहे हैं क्योंकि स्थानीय लोग रोजगार के लिए मजबूर होकर बाहर चले गए हैं।
भाजपा की नीतियों पर सवाल
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में रोजगार के अवसर घटे हैं। उन्होंने कहा कि आज बिहार में युवाओं के लिए नौकरी के नाम पर कुछ नहीं बचा है। इसके विपरीत कांग्रेस के शासनकाल में बेहतर आधार और अवसर थे, जिससे लोग बेहतर जिंदगी जी रहे थे।
किसानों और मजदूरों के अधिकारों की बात
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनकी नीतियों के कारण किसान और मजदूर लगातार परेशान हो रहे हैं और उनकी जिंदगी पर संकट मंडरा रहा है। प्रियंका गांधी का यह बयान बिहार की वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर एक गंभीर सवाल उठाता है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने बिहार के विकास को पीछे धकेल दिया है और कांग्रेस ही है जिसने लोगों के अधिकारों और रोजगार को मजबूत किया है। आगामी चुनावों में यह बयान पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।










