Rafale Fighter Jets : भारतीय वायु सेना के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन ‘फ्लाइटग्लोबल’ (FlightGlobal) की हालिया रिपोर्ट में भारतीय वायु सेना के पास सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 36 के बजाय 32 बताई गई है। इस आंकड़े पर भारतीय वायु सेना के पूर्व वाइस-चीफ एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी (रिटायर्ड) ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने मैगजीन के दावे को पूरी तरह गलत बताते हुए उसके स्रोतों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं।
भारत ने फ्रांस से खरीदे हैं 36 राफेल लड़ाकू विमान
भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल लड़ाकू विमान हासिल किए हैं। इसके बावजूद फ्लाइटग्लोबल की ‘वर्ल्ड एयर फोर्सेज डायरेक्टरी’ में भारतीय वायु सेना के सक्रिय बेड़े में इनकी संख्या 32 दर्ज की गई है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चार विमानों को सक्रिय सूची से बाहर रखने का आधार क्या है। मैगजीन ने अपने आंकड़ों के समर्थन में कोई विस्तृत स्पष्टीकरण या सबूत भी पेश नहीं किया है।

114 नए लड़ाकू विमानों का भी रिपोर्ट में जिक्र
फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट में 114 नए 4.5-जनरेशन लड़ाकू विमानों को ऑर्डर की श्रेणी में दिखाया गया है। भारत फ्रांस के साथ औपचारिक समझौते के जरिए इन विमानों को हासिल करने की योजना बना रहा है। वहीं, पिछले साल प्रकाशित मैगजीन की रिपोर्ट में भारतीय वायु सेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 35 बताई गई थी। उस समय भी वास्तविक संख्या से एक विमान कम दर्ज किया गया था।

पूर्व एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने उठाए सवाल
एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने फ्लाइटग्लोबल के आंकड़ों को गलत बताते हुए मैगजीन को अपने स्रोतों की दोबारा जांच करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में जिन स्रोतों के आधार पर कुछ खास टेल नंबरों का उल्लेख किया गया है, उनकी जानकारी सही नहीं लगती। तिवारी के मुताबिक, इन टेल नंबरों वाले विमान अलग-अलग सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लेते रहे हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय अभ्यास भी शामिल हैं। ऐसे में विमानों की संख्या को लेकर रिपोर्ट के आंकड़ों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सभी 36 राफेल विमानों के रखरखाव के लिए जारी हुआ था टेंडर
राफेल विमानों की वास्तविक संख्या को लेकर एक महत्वपूर्ण तथ्य इस साल जून में सामने आया था। भारतीय वायु सेना ने अपने सभी 36 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए रखरखाव यानी ‘ब्रिज सपोर्ट’ से संबंधित टेंडर जारी किया था। इस घटनाक्रम को पाकिस्तान के उन दावों के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिनमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायु सेना के कई राफेल विमानों को मार गिराने की बात कही गई थी।

ऑपरेशन सिंदूर में राफेल को लेकर पाकिस्तान के दावे
पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल विमानों को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तान के दावे लगातार चर्चा में रहे। हालांकि भारतीय सैन्य नेतृत्व ने इन दावों को कई बार खारिज किया था। इसके बावजूद पाकिस्तान संघर्ष के दौरान कई मल्टी-रोल राफेल लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा करता रहा। भारतीय पक्ष ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
डसॉल्ट एविएशन के CEO भी खारिज कर चुके हैं पाकिस्तानी दावे
पिछले साल जून में फ्रांस की विमान निर्माता कंपनी डसॉल्ट एविएशन के CEO एरिक ट्रैपियर ने भी भारतीय राफेल विमानों को मार गिराने के पाकिस्तान के दावों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि भारतीय अधिकारियों की ओर से राफेल विमानों के नुकसान की कोई जानकारी नहीं दी गई है। अब फ्लाइटग्लोबल की नई रिपोर्ट के बाद राफेल विमानों की संख्या को लेकर बहस फिर तेज हो गई है। हालांकि रिपोर्ट में 32 विमानों का आंकड़ा देने के पीछे कोई स्पष्ट आधार नहीं बताया गया है।

