Rahul Gandhi Telangana Visit : तेलंगाना में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए काम करने वाले डिलीवरी एजेंट और अन्य गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार, 14 नवंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राज्य में गिग वर्कर्स के लिए नई सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री भट्टी मल्लू और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। योजना का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े कामगारों को आर्थिक सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना है।
5 लाख रुपये का दुर्घटना और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बताया कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था डिलीवरी एजेंटों और दूसरे प्लेटफॉर्म आधारित कामगारों को मुश्किल परिस्थितियों में आर्थिक सहारा देगी।राहुल गांधी ने योजना के एक अन्य महत्वपूर्ण प्रावधान का जिक्र करते हुए बताया कि हर डिलीवरी से होने वाले ट्रांजैक्शन का एक प्रतिशत हिस्सा गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए दिया जाएगा। यह राशि पहले गिग वर्कर्स बोर्ड के पास जमा होगी और फिर सीधे संबंधित कामगारों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के शहरों में काम करने वाली कंपनियों को इस व्यवस्था का पालन करना होगा।

21वीं सदी में अपने डेटा पर होगा गिग वर्कर्स का अधिकार
राहुल गांधी ने अपने भाषण में डेटा के महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी डेटा का दौर है। गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप और उबर जैसी कंपनियां डेटा के आधार पर काम करती हैं, लेकिन गिग वर्कर्स को अब तक अपने काम से जुड़ी जानकारी तक पूरी पहुंच नहीं मिल पाती थी।उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत कामगारों को अपने डेटा पर अधिकार मिलेगा। वे कितनी राइड या डिलीवरी पूरी करते हैं और इसके बदले उन्हें कितनी रकम मिलती है, इसकी जानकारी मोबाइल फोन पर उपलब्ध होगी। इससे कामगार अपने काम और भुगतान का रिकॉर्ड खुद देख सकेंगे।

हर शहर में बनाए जाएंगे गिग वर्कर्स के लिए रेस्ट जोन
राहुल गांधी ने डिलीवरी एजेंटों की रोजमर्रा की परेशानियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गिग वर्कर्स लंबी दूरी तक यात्रा करते हैं और तेज धूप में सामान पहुंचाते हैं, लेकिन उनके पास आराम करने के लिए निर्धारित स्थान नहीं होते।इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए तेलंगाना सरकार राज्य के शहरों में विशेष रेस्ट जोन विकसित करेगी। इन स्थानों पर वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध होगी। कामगार यहां अपने वाहन पार्क कर सकेंगे, बैठकर आराम कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर सो भी सकेंगे। राहुल गांधी के मुताबिक, हैदराबाद समेत राज्य के सभी शहरों में ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
गिग वर्कर्स से किए गए वादे को पूरा करने का दावा
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के साथ हुई अपनी पिछली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि कामगारों ने उस दौरान अपनी समस्याएं और परेशानियां साझा की थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी उनकी मांगों पर कार्रवाई करेंगे।उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई योजना उसी वादे को पूरा करने की दिशा में कदम है। सरकार का प्रयास है कि गिग वर्कर्स को जरूरी मदद, सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मिल सकें।

बाइक रैली में भी शामिल हुए राहुल गांधी
योजना के शुभारंभ से पहले राहुल गांधी हैदराबाद में गिग वर्कर्स की ओर से आयोजित बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान वह एक गिग वर्कर के स्कूटर पर पीछे बैठकर रैली में शामिल हुए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। योजना को राज्य में प्लेटफॉर्म आधारित कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

