Rahul Gandhi : बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के पांचवे दिन कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुंगेर में जनसभा को संबोधित किया। बारिश के बीच हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने चुनाव प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि बीते कुछ सालों से जनता का मूड एक होता है, लेकिन चुनाव के नतीजे बिल्कुल अलग आते हैं। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि चुनाव में धांधली हो रही है और जनता का जनादेश छीन लिया जा रहा है।

‘वोट चोरी संविधान पर हमला’
राहुल गांधी ने कहा, “वोट चोरी संविधान पर हमला है। देश के हर नागरिक को पता होना चाहिए कि संविधान उनकी रक्षा करता है। यही आपकी आवाज है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी और अडाणी मिलकर दबा रहे हैं। वे संविधान को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन कोई भी ताकत संविधान को छू नहीं पाएगी।”

उन्होंने दावा किया कि विपक्ष जनता की आवाज को बचाने के लिए खड़ा है और संविधान की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ी जाएगी।
लोकसभा चुनाव में धांधली का दावा
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि लोकसभा चुनाव में नतीजों से छेड़छाड़ की गई थी। महाराष्ट्र में पहली बार इसका सबूत सामने आया है कि चुनाव आयोग और बीजेपी मिलकर चुनाव चोरी कर रहे हैं।”
राहुल गांधी ने उदाहरण देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में ऐसे मतदाता थे जिन्होंने लोकसभा चुनाव में वोट नहीं किया लेकिन विधानसभा चुनाव में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि इन वोटों को बीजेपी गठबंधन के खाते में डाल दिया गया।
मुंबई में सामने आया ‘सबूत’
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुंबई के एक विधानसभा क्षेत्र में यह साफ हो गया कि “हमारा वोट कम नहीं हुआ था, लेकिन जहां नकली वोट डाले गए, वहां बीजेपी की जीत हुई।”उन्होंने इसे “दूध का दूध और पानी का पानी” होने जैसा बताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब विपक्ष के हाथ ठोस सबूत आए हैं।
बिहार में ‘वोट चोरी’ रोकने का ऐलान
राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार में भी चुनाव चोरी की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा, “पिछली बार हमारी हार के पीछे भी यही कारण रहा। लेकिन इस बार हम एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। बिहार की जनता की शक्ति इस यात्रा में दिखाई दे रही है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी, प्रधानमंत्री मोदी और चुनाव आयोग मिलकर हर प्रदेश में जनता का वोट चुराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब विपक्ष सतर्क है और जनता उनके साथ खड़ी है।
संविधान बचाने की अपील
राहुल गांधी ने अपने भाषण के अंत में जनता से अपील की कि वे अपने वोट और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि लोकतंत्र और देश की आत्मा की लड़ाई है। मुंगेर में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने फिर से चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर चुनाव चोरी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस बार विपक्ष के पास सबूत हैं और बिहार में किसी भी कीमत पर वोट चोरी नहीं होने दी जाएगी। राहुल गांधी का यह बयान बिहार की राजनीति और आगामी चुनावी माहौल में बड़ा असर डाल सकता है।











