Railway Apprentice Recruitment 2026 : रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे ने एक्ट अप्रेंटिस रिक्रूटमेंट 2026 के तहत कुल 2008 ट्रेनिंग स्लॉट जारी किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन रेलवे रिक्रूटमेंट सेल जयपुर की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in के माध्यम से किया जाएगा।
2026-27 के लिए निकाली गई भर्ती
यह अप्रेंटिस भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित की जा रही है। ट्रेनिंग स्लॉट नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे के विभिन्न डिवीजन और वर्कशॉप में उपलब्ध हैं। भर्ती के तहत अजमेर, बीकानेर, जयपुर और जोधपुर समेत कई यूनिट में उम्मीदवारों को अप्रेंटिस ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा।
जयपुर डिवीजन में सबसे ज्यादा स्लॉट
नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे की इस भर्ती में कुल आठ यूनिट के लिए 2008 ट्रेनिंग स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। इनमें जयपुर डिवीजन में 580 स्लॉट हैं, जो सबसे अधिक हैं। इसके बाद बीकानेर डिवीजन में 524 और अजमेर डिवीजन में 500 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। जोधपुर डिवीजन में 134 स्लॉट उपलब्ध हैं।
अलग-अलग वर्कशॉप में भी सीटें
इसके अलावा बीटीसी कैरिज अजमेर में 101, बीटीसी लोको अजमेर में 69, कैरिज वर्कशॉप बीकानेर में 33 और कैरिज वर्कशॉप जोधपुर में 67 ट्रेनिंग स्लॉट रखे गए हैं। इस भर्ती में विभिन्न तकनीकी ट्रेड के उम्मीदवारों को आवेदन करने का मौका मिलेगा। इसलिए आवेदन से पहले उम्मीदवारों को अपनी ट्रेड और संबंधित यूनिट की पात्रता जरूर जांचनी चाहिए।
कई ट्रेड में मिलेगा अप्रेंटिस प्रशिक्षण
भर्ती में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, कारपेंटर, पेंटर, मेसन, पाइप फिटर, डीजल मैकेनिक, टर्नर और मशीनिस्ट जैसे ट्रेड शामिल हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मैकेनिक टूल मेंटेनेंस तथा रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग जैसे ट्रेड के लिए भी स्लॉट उपलब्ध हैं।
10वीं पास होना जरूरी
अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है। उम्मीदवार के 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। प्रतिशत की गणना में किसी तरह की राउंडिंग की अनुमति नहीं होगी। यानी निर्धारित न्यूनतम अंक पूरे करना अनिवार्य है।
संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट जरूरी
शैक्षणिक योग्यता के साथ उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) होना भी आवश्यक है। यह सर्टिफिकेट NCVT या SCVT से जारी होना चाहिए। उम्मीदवार को आवेदन की अंतिम तारीख तक सभी जरूरी शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं पूरी करनी होंगी। जिन उम्मीदवारों का अंतिम परीक्षा परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है, वे आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे।
15 से 24 वर्ष तक आयु सीमा
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 6 नवंबर 2026 को कम से कम 15 वर्ष और 24 वर्ष से कम होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी उम्मीदवारों को पांच वर्ष, ओबीसी उम्मीदवारों को तीन वर्ष और PwBD उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट का प्रावधान है। एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
लिखित परीक्षा के बिना होगा चयन
इस भर्ती की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि उम्मीदवारों के चयन के लिए अलग से लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। मेरिट तैयार करते समय 10वीं और संबंधित ट्रेड की आईटीआई परीक्षा में प्राप्त प्रतिशत का साधारण औसत लिया जाएगा।
ऐसे तैयार होगी मेरिट लिस्ट
10वीं की मेरिट तैयार करने के लिए सभी विषयों में प्राप्त अंकों को ध्यान में रखा जाएगा। इसके बाद डिवीजन या यूनिट, ट्रेड और कैटेगरी के आधार पर मेरिट तैयार होगी। उपलब्ध ट्रेनिंग स्लॉट के अनुसार उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान रहते हैं, तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता देने का नियम लागू होगा।
ऑनलाइन आवेदन करने का तरीका
आवेदन करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार को रेलवे रिक्रूटमेंट सेल जयपुर की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाना होगा। यहां रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद लॉगिन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अंत में फॉर्म सबमिट करके कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रख लेना चाहिए।
Read More : UP Politics: कांग्रेस के साथ आए स्वामी प्रसाद मौर्य , अपनी जनता पार्टी होगी INDIA गठबंधन में शामिल