Raipur Municipal Corporation : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रहने वाले लोगों के लिए नगर निगम एक नई डिजिटल सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। अब अगर आपके घर के बाहर कचरा गाड़ी नहीं पहुंचती है तो आपको परेशान होने या नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नागरिक अपने मोबाइल या डिजिटल माध्यम से ही कचरा वाहन की वास्तविक लोकेशन और उसके घर पहुंचने का संभावित समय पता कर सकेंगे। इस व्यवस्था से लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही शहर में कचरा कलेक्शन की निगरानी भी पहले से ज्यादा प्रभावी तरीके से हो सकेगी।
जीपीएस सिस्टम से जुड़ेंगे नगर निगम के सभी कचरा वाहन
रायपुर नगर निगम ने शहर में संचालित कचरा वाहनों को GPS आधारित डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ने का निर्णय लिया है। इस तकनीक के माध्यम से प्रत्येक वाहन की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। वाहन किस रास्ते से जा रहा है और निर्धारित क्षेत्र में कब पहुंचेगा, इसकी जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। अब तक लगभग 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट को डिजिटल सिस्टम में दर्ज किया जा चुका है। आगे सभी वाहनों को इस व्यवस्था से जोड़ने की योजना है।

रास्ता बदलने या देरी होने पर सिस्टम देगा रेड फ्लैग
नई व्यवस्था में प्रत्येक कचरा वाहन का निर्धारित रूट और समय पहले से डिजिटल सिस्टम में दर्ज रहेगा। अगर कोई वाहन तय रास्ते से भटकता है या निर्धारित समय से 30 मिनट से अधिक देरी करता है तो सिस्टम अलर्ट जारी करेगा। इसके अलावा किसी स्थान पर बिना उचित कारण 15 से 20 मिनट तक वाहन खड़ा रहने पर भी रेड फ्लैग मिलेगा। इसके बाद नगर निगम का कंट्रोल रूम संबंधित वाहन की गतिविधियों की जांच करेगा और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। इस निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंदौर में सफाई प्रबंधन का काम संभाल रही विशेषज्ञ एजेंसी की सेवाएं ली जा रही हैं।

पांच मिनट में पता चलेगी कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत
अभी तक कचरा वाहन नहीं पहुंचने पर नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने और उसके समाधान के लिए इंतजार करना पड़ता था। लेकिन GPS ट्रैकिंग शुरू होने के बाद वाहन की लोकेशन और समय का डिजिटल रिकॉर्ड देखकर शिकायत की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सकेगा। नगर निगम का दावा है कि इससे शिकायतों का निराकरण महज पांच मिनट में किया जा सकेगा। इसके साथ ही सड़क और नाली की सफाई से पहले तथा बाद की तस्वीरें भी डिजिटल रिकॉर्ड में सुरक्षित रखी जाएंगी। इससे सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति का प्रमाण मिल सकेगा।
गंदगी फैलाने वालों पर CCTV से रखी जाएगी नजर
शहर के सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी नगर निगम सख्ती करने जा रहा है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। सफाई कर्मचारी भी सड़क या नाली में कचरा डालने वाले लोगों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ डिजिटल सिस्टम पर अपलोड कर सकेंगे। इन सबूतों के आधार पर नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार कचरा देने से इनकार करने वाले नागरिकों की जानकारी भी डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी।

पुराने डंपिंग स्थलों को ग्रीन कॉर्नर में बदलेगा निगम
रायपुर नगर निगम ने शहर के खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर खत्म करने के लिए उन्हें छोटे उद्यानों और ग्रीन कॉर्नर के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान में बदलाव के बाद अब सभी जोन को हर सप्ताह दो-दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए जब्त पुरानी रेलिंग और लोहे के सामान का इस्तेमाल बाउंड्री बनाने में किया जा रहा है। इन स्थानों पर पौधारोपण, पेवर ब्लॉक, बेहतर लाइटिंग और बैठने की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।


