Rekha Gupta Statement: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के एक बयान से राजनीतिक हलकों में जोरदार हलचल मच गई है। रविवार को दिल्ली के पीतमपुरा में आयोजित अखिल भारतीय ब्राह्मण सम्मेलन में बोलते हुए रेखा ने कहा, “अगर समाज में कोई ज्ञान की मशाल जलाता है, तो वह ब्राह्मण समाज है। इसलिए हर सरकार को ब्राह्मण समुदाय के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।”

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस बयान पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेता संजीव झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “ब्राह्मण सम्मेलन में रेखा जी का बयान चौंकाने वाला है। किसी भी समुदाय के बारे में इस तरह की टिप्पणी न केवल असंवेदनशील है, बल्कि लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती है।”

रेखा गुप्ता का पूरा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा, “ब्राह्मण न केवल शास्त्रों की पूजा करते हैं, बल्कि शस्त्रों की भी पूजा करते हैं। आज समाज और देश की रक्षा शास्त्र और शस्त्र दोनों से ही संभव है। ब्राह्मण समाज ने हमेशा ज्ञान की मशाल जलाकर, धर्म का प्रसार कर और चेतना का जागरण कर समाज के कल्याण के लिए काम किया है।”रेखा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 27 वर्षों में दिल्ली की रफ्तार धीमी रही है। “पड़ोसी राज्य हमसे आगे निकल गए हैं, लेकिन अब हम सब मिलकर दिल्ली को एक विकसित राजधानी के रूप में स्थापित कर सकते हैं,” उन्होंने कहा।
विपक्ष का पलटवार
रेखा गुप्ता के इस बयान को लेकर विपक्षी दलों ने इसे ‘जातिवादी’ और ‘विभाजनकारी’ करार दिया है। AAP प्रवक्ताओं का कहना है कि किसी एक समुदाय के पक्ष में इस तरह की सरकारी प्राथमिकता की बात करना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस छिड़ गई है। जहां कुछ लोग रेखा के बयान को “साहसी” और “सांस्कृतिक गौरव का समर्थन” बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स इसे ‘वोट बैंक की राजनीति’ और ‘समाज में विभाजन पैदा करने वाला’ करार दे रहे हैं।रेखा गुप्ता का बयान निश्चित रूप से राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। जहां एक ओर वह ब्राह्मण समुदाय के योगदान को रेखांकित कर रही थीं, वहीं विपक्ष इसे समाज के अन्य वर्गों की उपेक्षा के रूप में देख रहा है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री इस विवाद पर सफाई देती हैं या फिर यह मुद्दा आने वाले समय में और तूल पकड़ेगा।











