IPL 2027 : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले क्रिकेट जगत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले कई दिनों से चर्चा में चल रही हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की ट्रेड डील आखिरकार आधिकारिक हो गई है। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स ने अपने एक-एक खिलाड़ी की अदला-बदली की है। इस बड़े फैसले के तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की टीम से खेलते नजर आएंगे, जबकि पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं।
हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स में मिलेंगे 18 करोड़ रुपये
IPL की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स से 18 करोड़ रुपये की फीस पर जुड़ेंगे। मुंबई इंडियंस में उन्हें 16.35 करोड़ रुपये मिल रहे थे। इस तरह नई टीम में शामिल होने के साथ उनकी फीस में भी बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर ही खेलेंगे। दोनों टीमों के बीच यह सीधी खिलाड़ी अदला-बदली IPL 2027 से पहले सबसे चर्चित ट्रेड में शामिल हो गई है।

दूसरी बार मुंबई इंडियंस से अलग हुए हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने अपने IPL करियर की शुरुआत साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी। उन्होंने लंबे समय तक इस फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया और टीम की चार खिताबी जीत का हिस्सा रहे। हालांकि, IPL 2022 से पहले मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद हार्दिक गुजरात टाइटंस से जुड़े और टीम की कप्तानी संभाली।गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सीजन यानी 2022 में हार्दिक की कप्तानी में खिताब जीतकर इतिहास रचा। इसके बाद 2023 में भी टीम फाइनल तक पहुंची। साल 2024 में हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तानी सौंपी गई। अब दूसरी बार मुंबई से उनका रास्ता अलग हो गया है और वह पंजाब किंग्स के लिए नई पारी शुरू करेंगे।

आठ सीजन बाद पंजाब किंग्स से अलग हुए अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह के लिए भी यह ट्रेड काफी खास है। उन्होंने साल 2019 में पंजाब की टीम के साथ IPL में कदम रखा था। इसके बाद लगातार आठ सीजन तक वह इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने 96 मुकाबलों में 111 विकेट हासिल किए। वह पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।अब अर्शदीप मुंबई इंडियंस की जर्सी में दिखाई देंगे। उनकी बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने की क्षमता मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे सकती है।
क्या पंजाब किंग्स की कप्तानी भी करेंगे हार्दिक पांड्या?
इस ट्रेड के बाद सबसे बड़ा सवाल पंजाब किंग्स की कप्तानी को लेकर है। फिलहाल श्रेयस अय्यर टीम के कप्तान हैं। हार्दिक पांड्या पहले गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। ऐसे में उनके पंजाब पहुंचने के बाद नेतृत्व की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा होना स्वाभाविक है।हालांकि, IPL की आधिकारिक घोषणा में पंजाब किंग्स की कप्तानी में बदलाव की जानकारी नहीं दी गई है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि हार्दिक केवल खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़ेंगे या उन्हें कोई नेतृत्वकारी भूमिका भी मिलेगी। इस पर फ्रेंचाइजी की अगली घोषणा का इंतजार रहेगा।

Read More : Gold Silver Rate Today : सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, चांदी 3,799 रुपये तक महंगी


