Sainik School Vacancy 2026: सरकारी स्कूल में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। तमिलनाडु के सैनिक स्कूल अमरावतीनगर ने वर्ष 2026 के लिए टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत पीजीटी, टीजीटी, लैबोरेटरी असिस्टेंट, काउंसलर, बैंड मास्टर और आर्ट मास्टर समेत कई पदों पर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी सैनिक स्कूल अमरावतीनगर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आवेदन के लिए ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है।

एक ही नोटिफिकेशन में कई पदों पर भर्ती
सैनिक स्कूल अमरावतीनगर ने शिक्षण और गैर-शिक्षण दोनों श्रेणियों की रिक्तियों को एक ही भर्ती अधिसूचना के माध्यम से जारी किया है। इसलिए प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और पात्रता अलग-अलग निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की योग्यता और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

किन-किन पदों पर होगी नियुक्ति?
इस भर्ती अभियान के तहत कुल आठ रिक्तियों को भरा जाएगा। इनमें पीजीटी मैथ, पीजीटी इंग्लिश, पीजीटी फिजिक्स, टीजीटी मैथ, लैबोरेटरी असिस्टेंट (फिजिक्स), काउंसलर, बैंड मास्टर और आर्ट मास्टर के पद शामिल हैं। कुछ पद नियमित (Regular) आधार पर भरे जाएंगे, जबकि काउंसलर, बैंड मास्टर और आर्ट मास्टर की नियुक्ति तीन वर्ष के संविदा (Contractual) आधार पर की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?
पीजीटी पदों के लिए संबंधित विषय में दो वर्षीय इंटीग्रेटेड पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स या मास्टर डिग्री के साथ कम से कम 50 प्रतिशत अंकों सहित बीएड होना आवश्यक है।
टीजीटी मैथ के लिए गणित विषय में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड ग्रेजुएशन या गणित में स्नातक डिग्री के साथ 50 प्रतिशत अंक और बीएड अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थी का CTET या STET (पेपर-II) उत्तीर्ण होना भी जरूरी है।

लैबोरेटरी असिस्टेंट (फिजिक्स) पद के लिए विज्ञान संकाय से 12वीं पास होना चाहिए, जिसमें फिजिक्स विषय शामिल हो।
काउंसलर पद के लिए साइकोलॉजी में स्नातक या स्नातकोत्तर अथवा चाइल्ड डेवलपमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ करियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग में डिप्लोमा आवश्यक है।
बैंड मास्टर पद के लिए AEC ट्रेनिंग कॉलेज एवं सेंटर, पंचमढ़ी से संबंधित बैंड मास्टर कोर्स या भारतीय नौसेना/वायुसेना का समकक्ष प्रशिक्षण होना चाहिए।
आर्ट मास्टर के लिए फाइन आर्ट्स में मास्टर डिग्री या निर्धारित डिप्लोमा एवं संबंधित योग्यता आवश्यक रखी गई है।
आयु सीमा पद के अनुसार निर्धारित
भर्ती के लिए आयु सीमा भी पदवार तय की गई है। पीजीटी पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। टीजीटी और लैबोरेटरी असिस्टेंट के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तथा अधिकतम 35 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं काउंसलर, बैंड मास्टर और आर्ट मास्टर पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष रखी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को कितना मिलेगा वेतन?
नियमित शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार आकर्षक वेतन मिलेगा। पीजीटी पद पर चयनित अभ्यर्थियों को 47,600 रुपये बेसिक पे के साथ महंगाई भत्ता (DA) दिया जाएगा। टीजीटी शिक्षकों का प्रारंभिक बेसिक वेतन 44,900 रुपये प्रतिमाह रहेगा।
नॉन-टीचिंग पदों में लैबोरेटरी असिस्टेंट को 25,500 रुपये बेसिक वेतन के साथ डीए मिलेगा। संविदा आधार पर नियुक्त काउंसलर और बैंड मास्टर को 40,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, जबकि आर्ट मास्टर को 25,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
इच्छुक उम्मीदवारों को सबसे पहले सैनिक स्कूल अमरावतीनगर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र तैयार कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ डाक के माध्यम से स्कूल भेजना अनिवार्य होगा।
आवेदन भेजने का पता है:
प्रिंसिपल, सैनिक स्कूल अमरावतीनगर, उदुमलपेट तालुक, तिरुपुर जिला, तमिलनाडु – 642102
उम्मीदवारों को लिफाफे के ऊपर जिस पद के लिए आवेदन कर रहे हैं उसका नाम स्पष्ट रूप से लिखना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन से पहले नोटिफिकेशन अवश्य पढ़ें
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती अधिसूचना का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें। पात्रता, अनुभव, दस्तावेज, चयन प्रक्रिया और अन्य नियमों की पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही आवेदन करें। भर्ती से जुड़ी किसी भी नई सूचना या अपडेट के लिए उम्मीदवार समय-समय पर सैनिक स्कूल अमरावतीनगर की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
Read more : Ranchi Student Protest : रांची में छात्रों का आंदोलन तेज, आज तिरंगा यात्रा, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव












