Matrubhumi Movie : बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज हो गया है। इस गाने में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं। गाने में दोनों की शानदार केमिस्ट्री, रोमांस और मस्ती देखने को मिल रही है। बुधवार तड़के रिलीज हुए इस गाने के साथ सलमान ने अपने खास मजाकिया अंदाज में भी प्रशंसकों का ध्यान खींचा है।
गाने की घोषणा करते हुए अभिनेता ने सोशल मीडिया पर ऐसा कैप्शन लिखा, जिसने उनके फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी। सलमान ने अपनी पोस्ट में सुबह की फ्लाइट, दो पेग और अपनी ‘सेक्सी ब्यूटी’ का जिक्र करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा कि वह उड़ान भरने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें पता नहीं कि कहां लैंड करेंगे।

‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ में सलमान का दिखा चार्मिंग अंदाज
सलमान खान ने गाने की रिलीज के साथ सोशल मीडिया पर लिखा, “डिपार्चर का समय सुबह 5:12 बजे। फ्लाइट समय पर है, 2 पेग लगाने के बाद अपनी ‘सेक्सी ब्यूटी’ के साथ उड़ान भर रहा हूं… पता नहीं कहां लैंड करूं!”

उनके इस मजेदार कैप्शन ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं गाने में सलमान का चार्मिंग अंदाज और चित्रांगदा सिंह के साथ उनकी जोड़ी देखने को मिल रही है। गाने में रोमांस के साथ कॉमेडी और शरारत का भी भरपूर मिश्रण है। इसके बोल किसी खूबसूरत शख्स के प्रति आकर्षण और प्यार की भावना को दर्शाते हैं।
सलमान खान, मुस्कान और साजिद खान ने दी आवाज
‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ को सलमान खान और मुस्कान ने अपनी आवाज दी है। इसके अलावा साजिद खान ने भी गाने में कुछ हिस्सों में गायकी की है। गाने का संगीत तैयार करने के साथ इसके बोल लिखने की जिम्मेदारी भी साजिद खान ने संभाली है।

इस गाने की कोरियोग्राफी सीजर गोंसाल्विस ने की है। म्यूजिक प्रोग्रामिंग का काम तालीम स्टूडियो में साजिद मसूद, विप्लव राजदेव और रिदम रट्टा ने संभाला। नितिन शंकर और साजिद खान ने परकशन बजाया, जबकि जॉन हंट ने ड्रम्स पर काम किया। रॉबिन फरगोस ने ट्रम्पेट, कल्याण बरुआ ने इलेक्ट्रिक गिटार और बास तथा मार्क पारख ने पियानो बजाया। रिदम रट्टा ने वोकल रिकॉर्डिंग की, जबकि एडेल परेरा को सॉन्ग एडिटर का क्रेडिट दिया गया है।
‘जय हिंद’ के बाद आया फिल्म का नया गाना
‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ से पहले फिल्म का देशभक्ति गीत ‘जय हिंद’ रिलीज किया गया था। सलमान खान ने इसे 20 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर दर्शकों के सामने पेश किया था। गाने का लिरिकल वीडियो साझा करते हुए अभिनेता ने देशभक्ति को लेकर खास संदेश दिया था।
उन्होंने कहा था कि अपनी मातृभूमि के प्रति प्यार, सम्मान और देशभक्ति दिखाने के लिए साल के सिर्फ दो दिन पर्याप्त नहीं हैं। देश के प्रति सम्मान और प्रेम पूरे 365 दिन बना रहना चाहिए। अब नए रोमांटिक गाने के जरिए फिल्म का एक अलग अंदाज दर्शकों के सामने आया है।
सलमान और चित्रांगदा की मुख्य भूमिका वाली है ‘मातृभूमि’
सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले पेश की जा रही ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म की निर्माता सलमा खान हैं। इसमें सलमान खान और चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। बताया जा रहा है कि इसकी कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है। सलमान फिल्म में भारतीय सेना के एक अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह उनकी पत्नी के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म के नए गाने के रिलीज होने के बाद अब दर्शकों को इसके अगले अपडेट और फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

