Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास रच दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में मंधाना ने भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बना डाला। उन्होंने मात्र 23 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की, जो भारत की किसी महिला खिलाड़ी द्वारा वनडे में अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है।

तोड़ा ऋचा घोष का रिकॉर्ड
इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋचा घोष के नाम था, जिन्होंने 26 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। लेकिन मंधाना ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाए और ऑस्ट्रेलिया की मजबूत गेंदबाजी लाइनअप को बैकफुट पर धकेल दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 412 रन
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। बेथ मूनी ने 75 गेंदों में 138 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके अलावा जॉर्जिया वोल (81 रन) और एलिस पेरी (68 रन) ने भी अहम योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 47.5 ओवर में 412 रन बनाकर भारत के सामने एक विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया।
भारतीय टीम का जवाब: तूफानी शुरुआत
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने भी शानदार शुरुआत की। 16 ओवर के बाद भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 164 रन बना लिए थे। मंधाना खबर लिखे जाने तक 46 गेंदों में 92 रन बनाकर खेल रही थीं, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर 24 गेंदों में 40 रन बनाकर क्रीज पर थीं।
आत्मविश्वास और आक्रामकता का प्रतीक बनी मंधाना
स्मृति मंधाना की यह पारी न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ने वाली थी, बल्कि टीम को बड़े लक्ष्य के सामने आत्मविश्वास से भरने वाली भी रही। उनकी स्ट्राइक रेट, टाइमिंग और शॉट सिलेक्शन ने यह साबित कर दिया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब बड़े स्कोर का दबाव झेलने और उसका पीछा करने में पूरी तरह सक्षम है।
स्मृति मंधाना की यह ऐतिहासिक पारी भारतीय महिला क्रिकेट के लिए मील का पत्थर है। जिस आत्मविश्वास के साथ उन्होंने बल्लेबाजी की, वह आने वाले वर्ल्ड कप और अन्य बड़े टूर्नामेंट्स के लिए सकारात्मक संकेत है। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके करियर का अहम पल है, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट को एक नई दिशा भी दे सकती है।
Read More : CJI on judges power: जजों को नहीं भूलनी चाहिए जिम्मेदारी, CJI ने दी संवेदनशीलता की सीख










