Sonia Gandhi Book Controversy : महाराष्ट्र की राजनीति में वीर सावरकर को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर कड़ा विरोध जताया है। मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिंदे गुट के नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान संजय निरुपम, शाइना एनसी और आनंद दुबे समेत कई नेता मौजूद रहे। शिवसेना नेताओं ने महाराष्ट्र में इस पुस्तक पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई।
किताब में सावरकर की माफी का जिक्र करने पर नाराजगी
शिंदे गुट के नेताओं का आरोप है कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी हैं। नेताओं के मुताबिक, पुस्तक के पेज नंबर 201 पर सावरकर द्वारा ब्रिटिश सरकार से बार-बार माफी मांगने का उल्लेख किया गया है। शिवसेना नेताओं ने इसे वीर सावरकर का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने कहा कि सावरकर का नाम त्याग, तपस्या और साहस का प्रतीक है। उनका आरोप है कि कांग्रेस लगातार सावरकर की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

किताब के पेज 443 पर भी लगाए गंभीर आरोप
शिवसेना नेताओं ने दावा किया कि सोनिया गांधी की पुस्तक के पेज नंबर 443 पर भी सावरकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लेकर कथित तौर पर गलत नैरेटिव पेश किया गया है। शिंदे गुट ने इन बातों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐतिहासिक और राजनीतिक व्यक्तित्वों के बारे में लिखते समय तथ्यों का ध्यान रखा जाना चाहिए।नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस बार-बार सावरकर के योगदान और विचारधारा को निशाना क्यों बनाती है।

उद्धव ठाकरे पर भी शिंदे गुट ने साधा निशाना
इस विवाद में शिवसेना शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे को भी घेरने की कोशिश की। नेताओं ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी की इसी किताब को स्वीकार किया है। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के पुराने रुख का जिक्र करते हुए कहा कि जब मणिशंकर अय्यर ने वीर सावरकर की आलोचना की थी, तब बालासाहेब ने उनके खिलाफ कड़ा विरोध जताया था।शिंदे गुट के नेताओं ने कहा कि आज कांग्रेस सावरकर की आलोचना कर रही है, लेकिन बालासाहेब ठाकरे के बेटे उद्धव ठाकरे उसी कांग्रेस के साथ राजनीतिक गठबंधन में हैं। उन्होंने इसे शिवसेना की पुरानी विचारधारा से अलग रुख बताया।
क्या सोनिया गांधी से माफी मांगेंगे उद्धव ठाकरे?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवसेना नेताओं ने उद्धव ठाकरे से सवाल किया कि क्या वह सोनिया गांधी से सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर माफी मांगने की मांग करेंगे? नेताओं ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या उद्धव ठाकरे कांग्रेस के खिलाफ भी वैसा ही विरोध दिखाएंगे, जैसा कभी बालासाहेब ठाकरे ने दिखाया था।उन्होंने कांग्रेस पर बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर उन्हें उचित सम्मान नहीं देने का आरोप भी लगाया।

शाइना एनसी ने कांग्रेस और उद्धव गुट पर उठाए सवाल
शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि कांग्रेस सहित कुछ राजनीतिक दलों की आदत महाराष्ट्र के प्रमुख नेताओं और महापुरुषों को नीचा दिखाने की रही है। उन्होंने सावरकर और बालासाहेब ठाकरे का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस इन दोनों नेताओं की आलोचना करने का कोई अवसर नहीं छोड़ती।उन्होंने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सावरकर की विचारधारा के समर्थक होने का दावा करते हैं, वे आज कांग्रेस के साथ राजनीतिक रूप से खड़े हैं।
हिंदुत्व की आत्मा हैं वीर सावरकर: शाइना एनसी
शाइना एनसी ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब में सावरकर को हिंदुत्व की विचारधारा से अलग रखने की कोशिश की गई है। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके लिए वीर सावरकर हिंदुत्व की आत्मा थे।इस पूरे विवाद ने महाराष्ट्र में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे और शिंदे गुट के बीच राजनीतिक बयानबाजी को और तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

