Surguja Crime: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक नाबालिग आदिवासी छात्रा से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला उपसरपंच के पति ने 14 वर्षीय छात्रा को अश्लील वीडियो दिखाकर उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाते हुए किसी को भी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों के साथ थाने पहुंची पीड़िता, दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम पीड़िता के रिश्तेदार करीब 100 ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी उपसरपंच पति को हिरासत में लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्कूल जाने वाली छात्रा करती थी उपसरपंच के घर काम
बताया जा रहा है कि पीड़िता कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और सातवीं कक्षा में पढ़ाई करती है। छात्रा दिन में स्कूल जाती थी, जबकि सुबह और शाम वह महिला उपसरपंच के घर घरेलू काम करती थी। वह वहां खाना बनाने का काम भी करती थी। इसी दौरान आरोपी के संपर्क में आने के बाद यह घटना सामने आई।पीड़िता के परिवार का आरोप है कि महिला उपसरपंच ने पहले उसके रिश्तेदारों से छात्रा की शादी का पूरा खर्च उठाने की बात कही थी। इसी भरोसे के कारण छात्रा को उनके घर काम करने के लिए भेजा जाता था। परिजनों का आरोप है कि बाद में आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
अश्लील वीडियो दिखाकर धमकाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 20 जुलाई की शाम वह उपसरपंच के घर खाना बनाने गई थी। वह किचन में काम कर रही थी, तभी आरोपी तरुण जायसवाल ने कथित तौर पर उसे पीछे से पकड़ लिया और जबरदस्ती एक कमरे में ले गया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश करने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा डाल दिया। घटना के बाद आरोपी ने उसे किसी को कुछ बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पैसों का लालच देकर शिकायत रोकने का आरोप
पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने रिश्तेदारों को पैसे का लालच देकर मामला दबाने की कोशिश की। हालांकि, बाद में ग्रामीणों के समर्थन से पीड़िता के परिजन पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने आरोपी तरुण जायसवाल को अंबिकापुर के चोपड़ापारा इलाके से हिरासत में लिया है। सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जांच जारी, आरोपी से हो रही पूछताछ
फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान, घटनास्थल और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
Read more : Jantar Mantar Protest: जंतर मंतर ड्यूटी से हटाए गए DCP संदीप लांबा, महिला थप्पड़ विवाद से मचा बवाल











