IMD Rain Alert: अगस्त का महीना खत्म होने को है, लेकिन देशभर में मॉनसून की सक्रियता अभी भी बरकरार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। खास तौर पर उत्तर भारत के राज्यों में लोगों को बारिश से राहत नहीं मिल रही है। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पहाड़ी राज्यों में फिर से तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश की संभावना राजधानी दिल्ली में सोमवार (25 अगस्त) को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में भी हल्की बारिश की संभावना जताई है। बारिश से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे मौसम कुछ हद तक सुहावना बना रहेगा। यूपी में तेज बारिश का अलर्ट आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज तेज बारिश की चेतावनी दी है। लखनऊ, अयोध्या, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, और बागपत में झमाझम बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पूर्वांचल और तराई के कई जिले भी बारिश की चपेट में आ सकते हैं। बारिश से प्रभावित प्रमुख जिले: पश्चिमी यूपी: मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद पूर्वी यूपी: गोरखपुर, बलिया, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, वाराणसी तराई क्षेत्र: लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती अन्य जिले: रायबरेली, अमेठी, प्रयागराज, कानपुर, बस्ती, संत कबीरनगर हालांकि, फिलहाल बिजली गिरने की कोई चेतावनी नहीं दी गई है, फिर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बिहार के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट बिहार में भी आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, नालंदा, मुंगेर, भागलपुर समेत करीब 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है, लेकिन आज के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। निचले इलाकों में जलजमाव और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। पहाड़ी राज्यों में आफत की बारिश उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही है।उत्तराखंड के टेहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी में भूस्खलन की आशंका जताई गई है।हिमाचल प्रदेश के डलहौजी में बादल फटने की घटना सामने आई है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पहाड़ी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। देश के अधिकांश हिस्सों में अगस्त के अंत तक बारिश का दौर जारी रहेगा। लोगों से अपील है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। खासकर पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतें। Read More : Bulandshahr Accident: बुलंदशहर सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर पलटा, 8 की मौत, 45 घायल














