Tiger Shroff Firing Case : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी फिलहाल राजस्थान के कोटा में हैं। मुंबई पुलिस मंगलवार को उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई लेकर रवाना होने की तैयारी में है। तीनों आरोपियों को कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने में रखा गया है। सोमवार देर रात कोटा की अदालत ने आरोपियों को महाराष्ट्र ले जाने के लिए 48 घंटे का ट्रांजिट वारंट जारी किया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने कोटा के एमबीएस अस्पताल में तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया।
रात में बदला मुंबई पुलिस का फैसला
जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस शुरुआत में तीनों आरोपियों को रात में ही कोटा से मुंबई ले जाने वाली थी। हालांकि, सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते आखिरी समय में योजना बदल दी गई। इसके बाद आरोपियों को रेलवे कॉलोनी थाने में ही रखा गया। अब पुलिस उन्हें दिन में मुंबई ले जाकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई करेगी।
क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमों ने की कार्रवाई
मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रोशन के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं। फायरिंग की घटना के बाद आरोपी मुंबई से निकलकर सूरत की तरफ गए। इसके बाद उन्होंने जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ने की योजना बनाई। पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और राजस्थान पुलिस के साथ समन्वय कर कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ने की रणनीति तैयार की।
अंधेरी में छोड़ी कथित वारदात वाली बाइक
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल मुंबई के अंधेरी इलाके में छोड़ दी थी। इसके बाद वे लोकल ट्रेन और कैब से आगे बढ़े और पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को भागने में किसने मदद की और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे।
दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की थी योजना
कोटा पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फायरिंग के बाद ट्रेन से भागने की बात बताई। उनकी कथित योजना जयपुर पहुंचकर बस से दिल्ली जाने और फिर नेपाल सीमा पार करने की थी। हालांकि, पुलिस ने उन्हें कोटा में ही पकड़ लिया। आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे कहां छिपाया गया है या किसके पास रखा गया है।
बिहार और हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी की उम्र 18 वर्ष, जबकि बाकी दोनों की उम्र 22 वर्ष है। कोटा पुलिस ने तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है। मुंबई पुलिस अब महाराष्ट्र में उनसे विस्तृत पूछताछ करेगी।
जैकी श्रॉफ ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात
इस बीच, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। यह मुलाकात बोरीवली में बप्पी लाहिड़ी मार्ग के नामकरण कार्यक्रम के दौरान हुई। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद फिल्म जगत में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी रविवार देर रात टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचे थे। शिंदे ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा था कि आपराधिक नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने का समय आ गया है। अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस हथियार की बरामदगी, फरार होने में मदद करने वालों की पहचान और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाना है।
Read More : England Test Team Coach : स्टीफन फ्लेमिंग का बड़ा बयान, इंग्लैंड टीम की कोचिंग स्थानीय लोगों को मिलनी चाहिए